Headlines

Haldwani: हल्द्वानी में मेहुल शाह के समर्थन में कांग्रेस की संयुक्त बैठक, छात्रसंघ चुनाव की रणनीति पर मंथन

Haldwani: हल्द्वानी में मेहुल शाह के समर्थन में कांग्रेस की संयुक्त बैठक, छात्रसंघ चुनाव की रणनीति पर मंथन
शेयर करे-

Haldwani: स्वराज आश्रम में भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) के छात्रसंघ अध्यक्ष पद के अधिकृत प्रत्याशी मेहुल शाह के समर्थन में जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में छात्रसंघ चुनाव की तैयारियों, छात्रहितों से जुड़े मुद्दों, संगठन की भूमिका और आगामी जनसंपर्क अभियानों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने चुनावी तैयारियों में आपसी समन्वय और संगठन की सक्रिय भूमिका पर जोर दिया।

बैठक में हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश, नैनीताल जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राहुल छिमवाल, महानगर कांग्रेस कमेटी हल्द्वानी के अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट समेत जिला एवं महानगर कांग्रेस, युवक कांग्रेस और NSUI के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान छात्र-छात्राओं के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं और अपेक्षाओं को समझने तथा चुनावी तैयारियों को गति देने को लेकर विचार-विमर्श किया गया।

हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि छात्रसंघ लोकतांत्रिक व्यवस्था की पहली पाठशाला है। छात्रसंघ केवल चुनाव जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि छात्र-छात्राओं की समस्याओं को उठाने और उनके अधिकारों के लिए संघर्ष करने का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने छात्रहितों, शिक्षा की गुणवत्ता, छात्र सुविधाओं और लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देने की बात कही। सुमित हृदयेश ने कांग्रेस परिवार के कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर छात्र-छात्राओं के बीच जाने और NSUI प्रत्याशी मेहुल शाह के समर्थन में सकारात्मक संवाद स्थापित करने का आह्वान किया। उन्होंने चुनाव के दौरान अनुशासन, संयम और आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभाने पर भी जोर दिया।

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट और नैनीताल जिला कांग्रेस अध्यक्ष राहुल छिमवाल ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव में NSUI संगठन की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता संगठन के साथ समन्वय बनाकर छात्र-छात्राओं के बीच पहुंचेंगे। दोनों नेताओं ने मेहुल शाह को युवा और ऊर्जावान चेहरा बताते हुए कहा कि छात्रहितों से जुड़ी उनकी प्राथमिकताओं और विचारों को विद्यार्थियों तक पहुंचाने के लिए संगठन सक्रियता से कार्य करेगा।

NSUI छात्रसंघ अध्यक्ष पद के प्रत्याशी मेहुल शाह ने कांग्रेस और NSUI के वरिष्ठ नेताओं तथा कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन द्वारा उन पर जताया गया विश्वास उनके लिए जिम्मेदारी और प्रेरणा दोनों है। मेहुल शाह ने छात्र-छात्राओं से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देने, बेहतर शैक्षणिक वातावरण, छात्र सुविधाओं और पारदर्शी व्यवस्था के लिए कार्य करने की बात कही। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य केवल चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझना और उनकी आवाज को मजबूती से आगे बढ़ाना है। इस दौरान उन्होंने छात्र-छात्राओं से सहयोग और समर्थन की अपील की।

बैठक के अंत में कांग्रेस, युवक कांग्रेस और NSUI के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने मेहुल शाह के समर्थन में छात्रसंघ चुनाव की तैयारियों को गति देने और विद्यार्थियों के बीच व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने का संकल्प लिया। बैठक में हेमंत बगड़वाल, सतीश नैनवाल, मधु सांगुड़ी, नीमा भट्ट, भागीरथी बिष्ट, पिंकी पांडे, संजय साह, मलय बिष्ट, जगमोहन बगड़वाल, सुहैल सिद्दीकी, किरन माहरा, जाकिर हुसैन, मयंक भट्ट समेत कांग्रेस, NSUI और युवक कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

For latest news updates click here

News Update
Image

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *