Headlines

Dehradun: मुख्य सचिव की अध्यक्षता में व्यय वित्त समिति बैठक, मल्टीस्टोरी पार्किंग से लेकर पेयजल परियोजनाओं को मिली हरी झंडी

Dehradun: मुख्य सचिव की अध्यक्षता में व्यय वित्त समिति बैठक, मल्टीस्टोरी पार्किंग से लेकर पेयजल परियोजनाओं को मिली हरी झंडी
शेयर करे-

Dehradun: मुख्य सचिव श्री आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में सचिवालय में आयोजित व्यय वित्त समिति की बैठक में शहरी विकास, पेयजल एवं लोक निर्माण विभाग से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को संस्तुति प्रदान की गई। बैठक में राज्य के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और नागरिक सुविधाओं के विस्तार पर विशेष जोर दिया गया।

शहरी विकास विभाग के अंतर्गत पौड़ी गढ़वाल स्थित नीलकंठ महादेव एवं नैनीताल जिले के रामनगर में मल्टीस्टोरी पार्किंग निर्माण को मंजूरी दी गई। नीलकंठ महादेव में ₹5183.65 लाख तथा रामनगर में ₹3857.64 लाख की लागत से बनने वाली इन परियोजनाओं के लिए मुख्य सचिव ने पार्किंग निर्माण गाइडलाइंस का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही, पार्किंग में प्रवेश और निकासी व्यवस्था को तकनीकी रूप से सुदृढ़ बनाने तथा नीलकंठ महादेव क्षेत्र में भूमि का जियोटेक्निकल सर्वे अनिवार्य रूप से कराने को कहा गया।

पेयजल विभाग के तहत चार महत्वपूर्ण प्रस्तावों को भी स्वीकृति मिली। इनमें पीपलकोटी नगर पंचायत के लिए ₹2438.32 लाख, तिलवाड़ा नगर पंचायत के लिए ₹3986.24 लाख तथा ऊखीमठ नगर पंचायत के लिए ₹2578.52 लाख की पेयजल योजनाएं शामिल हैं। इसके अतिरिक्त लालकुआं नगर पंचायत में ₹37.95 लाख की लागत से सीवर लाइन परियोजना को भी मंजूरी दी गई। मुख्य सचिव ने ग्रेविटी आधारित पेयजल योजनाओं में मीटरिंग व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए, ताकि जल प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत काठगोदाम बाईपास मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ने के लिए 3.5 किलोमीटर सड़क निर्माण तथा 75 मीटर स्पान के सेतु निर्माण को भी स्वीकृति प्रदान की गई। इस परियोजना पर ₹1177.93 लाख की लागत आएगी, जिससे क्षेत्रीय यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

बैठक में सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार, डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, श्री दिलीप जावलकर एवं श्री रणवीर सिंह चौहान सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *