Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Haldwani: हल्द्वानी की ऐतिहासिक रामलीला में उमड़ा आस्था का सैलाब, लक्ष्मण शक्ति से लंका दहन तक मंत्रमुग्ध हुए दर्शक

Haldwani: हल्द्वानी की ऐतिहासिक रामलीला में उमड़ा आस्था का सैलाब, लक्ष्मण शक्ति से लंका दहन तक मंत्रमुग्ध हुए दर्शक
शेयर करे-

Haldwani: नगर की लगभग 150 वर्ष पुरानी ऐतिहासिक प्राचीन श्री रामलीला हल्द्वानी में रविवार को रामलीला महोत्सव के दौरान भक्ति, करुणा, पराक्रम और रोमांच के अद्भुत दृश्य देखने को मिले। दिन की लीला में लक्ष्मण शक्ति, हनुमान जी द्वारा संजीवनी पर्वत लाने और कुंभकरण वध का मंचन हुआ, जबकि रात्रि की लीला में हनुमान जी के पराक्रम, लंका दहन और विभीषण की शरणागति ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया।

दिन की लीला में मेघनाद के शक्ति बाण से लक्ष्मण जी मूर्छित हो जाते हैं। अपने अनुज को मूर्छित देखकर भगवान श्रीराम का विलाप देखकर रामलीला मैदान में मौजूद दर्शकों की आंखें नम हो गईं। इसके बाद जामवंत जी के कहने पर हनुमान जी संजीवनी बूटी लाने के लिए हिमालय पहुंचते हैं और पूरा पर्वत उठाकर वापस आते हैं। हनुमान जी के इस अद्भुत पराक्रम के दृश्य पर पूरा रामलीला मैदान जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।

इसके बाद छह माह सोने और छह माह जागने वाले कुंभकरण के वध का मंचन किया गया। भगवान श्रीराम के बाणों से कुंभकरण का अंत हुआ। इस अवसर पर कुंभकरण के विशाल पुतले का दहन भी किया गया, जिसे देखने के लिए दर्शकों में खासा उत्साह रहा।

वहीं, वृंदावन से आई श्री बृजेश्वरी लीला मंडल द्वारा प्रस्तुत रात्रि की लीला हनुमान जी के पराक्रम पर केंद्रित रही। समुद्र लांघकर माता सीता तक पहुंचना, उन्हें प्रभु श्रीराम की निशानी मुद्रिका देना और रावण की स्वर्ण लंका को जलाने के दृश्यों ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। इसके बाद रावण के अत्याचारों से दुखी होकर विभीषण भगवान श्रीराम की शरण में पहुंचते हैं। प्रभु श्रीराम उन्हें शरणागत स्वीकार करते हुए अभयदान देते हैं।

संचालन समिति के मीडिया प्रभारी भवानी शंकर नीरज ने बताया कि रविवार को दर्शकों की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और बैठने की विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। उन्होंने नगरवासियों से दोनों समय आयोजित होने वाली रामलीला में सपरिवार पहुंचकर प्रभु श्रीराम की लीलाओं का आनंद लेने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान व्यास पूजन डॉ. नीलाम्बर भट्ट, डॉ. ऊषा भट्ट, राजेश जोशी, कमल किशोर जोशी और प्रदीप जनौटी ने किया। संचालन समिति की ओर से विवेक कश्यप, पंकज कपूर, विनीत अग्रवाल, भोलानाथ केसरवानी, अतुल अग्रवाल और विजय भट्ट सहित अन्य सदस्यों ने अतिथियों का स्वागत किया।

रामलीला के सफल आयोजन में भारत विकास परिषद हल्द्वानी शाखा, श्याम मित्र मंडल और वैणी सेना सहित विभिन्न संस्थाओं के कार्यकर्ताओं ने सेवा देकर सहयोग किया।

For latest news updates click here

News Update

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *