Haldwani: राजपुरा चौकी प्रभारी महिला दरोगा आरती के साथ कोतवाली परिसर में कथित मारपीट के मामले में पुलिस ने एसओजी सिपाही अनिल गिरी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला दरोगा ने सिपाही पर थप्पड़ मारने, वर्दी पकड़कर खींचने और पति-बच्चों समेत जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस अब कोतवाली परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
महिला दरोगा आरती के अनुसार, 10 अक्तूबर को आरोपी सिपाही ने फोन कर उन्हें पति और बच्चों समेत जान से मारने की धमकी दी थी। इस संबंध में उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से शिकायत की थी। आरोप है कि शिकायत की जानकारी मिलने के बाद 11 अक्तूबर को सिपाही कोतवाली पहुंचा और उनके साथ मारपीट की। महिला दरोगा ने यह भी आरोप लगाया कि सिपाही ने लाइसेंसी पिस्टल होने का हवाला देते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी।
मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि घटना कोतवाली परिसर में होने की बात सामने आई है। घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
