Nainital: राष्ट्र की आंतरिक सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के दौरान अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिस जवानों की स्मृति में बुधवार, 21 अक्टूबर 2026 को रिजर्व पुलिस लाइन नैनीताल में पुलिस स्मृति दिवस मनाया गया। इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके अदम्य साहस, शौर्य और कर्तव्यनिष्ठा को नमन किया।
कार्यक्रम में पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं परिक्षेत्र श्रीमती निवेदिता कुकरेती और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर अमर वीर जवानों को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हुए पुलिस एवं अर्धसैनिक बलों के जवानों के बलिदान को याद करते हुए उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि 1 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 तक देशभर में कुल 154 पुलिस एवं अर्धसैनिक बलों के अधिकारी और कर्मचारी ड्यूटी के दौरान वीरगति को प्राप्त हुए। इस अवसर पर उत्तराखंड पुलिस के शहीद उपनिरीक्षक स्वर्गीय विनोद कुमार, जनपद टिहरी गढ़वाल के बलिदान और उनके साहसिक कार्यों का भी उल्लेख किया गया।
इसके बाद पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं परिक्षेत्र, एसएसपी नैनीताल सहित उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र एवं श्रद्धा सुमन अर्पित कर वीर शहीदों को नमन किया। सुसज्जित सलामी गार्ड ने शोक शस्त्र की कार्रवाई करते हुए शहीदों को शोक सलामी दी। पूरा परिसर वीर जवानों की स्मृति और उनके सर्वोच्च बलिदान के प्रति सम्मान से भावुक नजर आया।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, पुलिस अधीक्षक नगर हल्द्वानी श्री हरबंस सिंह, एसपी संचार श्री रेवाधर मठपाल, क्षेत्राधिकारी नैनीताल श्रीमती अंजना नेगी, क्षेत्राधिकारी रामनगर श्री रविकांत सेमवाल, मुख्य अग्निशमन अधिकारी नैनीताल श्री गौरव किरार, प्रतिसार निरीक्षक रिजर्व पुलिस लाइन नैनीताल श्री हरकेश सिंह सहित जनपद के विभिन्न थानों, चौकियों और शाखाओं के प्रभारी तथा पुलिस कर्मचारी मौजूद रहे।
पुलिस स्मृति दिवस के माध्यम से उन सभी वीर जवानों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई, जिन्होंने देश की सुरक्षा, शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपने जीवन का सर्वोच्च बलिदान दिया। उनका साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा सदैव देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा।

Chief Editor, Aaj Khabar
