Nainital: राजस्व अनुसेवक राजेंद्र सिंह परिहार ‘राजू’ का शव उनके ही घर में फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। ड्यूटी से लौटने के बाद जब बच्चे घर आए तो उन्होंने अपने पिता को छत से लटका देखा। परिजनों ने तुरंत उन्हें बी.डी. पांडे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
सूत्रों के अनुसार, राजू के गले पर रस्सी के दबाव और कटने के निशान मिले हैं। हालांकि मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पिछले 15 वर्षों से तहसील में सेवाएं दे रहे राजू अपनी ईमानदारी और सहज स्वभाव के लिए सहकर्मियों और अधिकारियों के प्रिय थे। उनकी अचानक मौत से राजस्व विभाग और स्थानीय क्षेत्र में शोक की लहर है। मृतक के दो बेटे भारतीय शहीद सैनिक विद्यालय में कक्षा सात और आठ में अध्ययनरत हैं। घटना की सूचना पर पटवारी भुवन जोशी सहित कई कर्मचारी और स्थानीय लोग अस्पताल पहुंचे।

Chief Editor, Aaj Khabar
