Haldwani: विश्व हृदय दिवस पर वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रकाश पंत ने हृदय रोगों के बढ़ते खतरे पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि भागदौड़ भरी और असंतुलित जीवनशैली हार्ट अटैक के मामलों में तेजी का मुख्य कारण बन रही है।
डॉ. पंत ने बताया कि संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, धूम्रपान और शराब से परहेज़ तथा तनावमुक्त जीवन ही स्वस्थ हृदय का आधार है। उन्होंने कहा कि हृदय रोग की आशंका को टालने के लिए लोगों को अपने दैनिक जीवन में सुधार करना चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि अचानक हार्ट अटैक की स्थिति में घबराना नहीं चाहिए। मरीज को आरामदायक स्थिति में लिटाकर तुरंत सीपीआर देने और नज़दीकी अस्पताल ले जाने से जीवन बचाया जा सकता है।
डॉ. पंत ने अभिभावकों को आगाह किया कि बच्चे जंक और चाइनीस फूड पर निर्भर हो रहे हैं, जो भविष्य में हृदय रोगों का खतरा बढ़ा सकता है। ऐसे में बच्चों को संतुलित भोजन और स्वस्थ दिनचर्या की आदत डालना आवश्यक है।

Chief Editor, Aaj Khabar
