Nainital: महिला सुरक्षा के प्रति कड़ा रुख अपनाते हुए डॉ. मंजुनाथ टी.सी., वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल ने सोशल मीडिया पर महिलाओं के प्रति अभद्र आचरण के एक मामले में त्वरित और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
फेसबुक पर प्रसारित एक लाइव वीडियो में रक्षित शर्मा नामक व्यक्ति द्वारा वाहन चलाते हुए गाली-गलौच करने और राह चलती महिलाओं पर अश्लील टिप्पणियां करने का मामला सामने आया। वीडियो के वायरल होते ही SSP नैनीताल ने इसका तत्काल संज्ञान लेते हुए प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय मेहता को कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
निर्देशों के अनुपालन में कोतवाली हल्द्वानी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रक्षित शर्मा पुत्र ललित शर्मा, निवासी दमुवाढूगा के विरुद्ध एफआईआर संख्या 4/26, धारा 296 बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत किया। साथ ही आरोपी को धारा 172 बीएनएस के अंतर्गत पुलिस हिरासत में लिया गया।
SSP नैनीताल ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि जनपद नैनीताल पुलिस महिला सुरक्षा और सम्मान के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सोशल मीडिया या सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं के खिलाफ अभद्र भाषा, अश्लील टिप्पणी या आपत्तिजनक आचरण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध तत्काल और कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Chief Editor, Aaj Khabar
