Nainital: घने कुहासे और शीतलहर की स्थिति को देखते हुए जनपद नैनीताल में छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव की आशंका के मद्देनज़र जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाया है। बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिले के समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों में आगामी 9 जनवरी 2026 तक अवकाश घोषित किया गया है।
जिला मजिस्ट्रेट एवं अध्यक्ष, जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण नैनीताल ललित मोहन रयाल द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि लगातार बने घने कोहरे और शीतलहर के कारण विशेष रूप से छोटे बच्चों के बीमार पड़ने की संभावना बढ़ गई है। ऐसी स्थिति में बच्चों को आंगनबाड़ी केंद्रों तक लाने-ले जाने में भी जोखिम बना हुआ है।
आदेश के अनुसार, जनपद नैनीताल में संचालित सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में दिनांक 5 जनवरी 2026 से 9 जनवरी 2026 तक अवकाश रहेगा। जिला कार्यक्रम अधिकारी नैनीताल एवं समस्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया गया है कि इस निर्णय की सूचना समय से सभी पंजीकृत बच्चों के अभिभावकों तक पहुंचाई जाए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Chief Editor, Aaj Khabar
