Ahmedabad: गुजरात के अहमदाबाद में 4 जून से 8 जून 2026 तक आयोजित प्रथम विश्व योगासन प्रतियोगिता में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विश्व कप अपने नाम कर लिया। इस ऐतिहासिक प्रतियोगिता में भारतीय दल ने कुल 114 पदक जीतकर नया कीर्तिमान स्थापित किया। भारत के खाते में 102 स्वर्ण, 9 रजत और 3 कांस्य पदक आए, जिसके साथ देश ने विश्व मंच पर अपनी श्रेष्ठता साबित की।
विश्व स्तर की इस प्रतियोगिता में 60 देशों के खिलाड़ियों ने भाग लिया और विभिन्न वर्गों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। भारतीय खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पदक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया और विश्व कप जीतकर देश का गौरव बढ़ाया।
भारत की इस अभूतपूर्व उपलब्धि पर योगासन भारत के महासचिव डॉ. जयदीप आर्य, उत्तराखंड योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री भारद्वाज, सचिव श्री रंजीत सिंह तथा नैनीताल डिस्ट्रिक्ट योगासन स्पोर्ट्स के समन्वयक श्री नवीन बोरा ने भारतीय दल और सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता योगासन खेल के बढ़ते वैश्विक प्रभाव और भारतीय खिलाड़ियों की मेहनत का परिणाम है।
उत्तराखंड के लिए भी यह प्रतियोगिता बेहद गौरवपूर्ण रही। प्रदेश के पांच खिलाड़ियों ने पदक जीतकर राज्य का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया। पदक विजेताओं में देहरादून के सुमिर, अथर्व और यति तथा हरिद्वार जिले की अलका शामिल हैं। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर प्रदेशभर में खुशी का माहौल है।
विशेषज्ञों का मानना है कि भारत की यह ऐतिहासिक जीत विश्व स्तर पर योगासन खेल को नई पहचान दिलाने के साथ-साथ युवाओं को इस खेल से जुड़ने के लिए प्रेरित करेगी। वहीं उत्तराखंड के खिलाड़ियों की सफलता राज्य में योगासन खेल के उज्ज्वल भविष्य का संकेत मानी जा रही है।

Chief Editor, Aaj Khabar
