Florida: अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा की अंतरिक्ष यात्री और भारतीय मूल की सुनीता विलियम्स नौ महीने बाद अंतरिक्ष से सफलतापूर्वक धरती पर लौट आई हैं। उनके साथ नासा के अंतरिक्ष यात्री बुच विलमोर समेत तीन अन्य क्रू सदस्य भी सुरक्षित वापस आए। उन्होंने एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स के ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट के जरिए फ्लोरिडा तट के पास स्पलैशडाउन किया।
भारतीय समयानुसार बुधवार सुबह 3:27 बजे ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट की लैंडिंग हुई, जो नासा द्वारा निर्धारित समय के बिल्कुल अनुरूप रही। लैंडिंग के तुरंत बाद स्पेसएक्स रिकवरी टीमों ने यान को पानी से बाहर निकालकर रिकवरी पोत पर पहुंचाया और अंतरिक्ष यात्रियों की स्वास्थ्य जांच शुरू की।
नासा ने लाइव किया था कवरेज
नासा ने भारतीय समयानुसार बुधवार सुबह 2:15 बजे से स्पलैशडाउन कवरेज शुरू किया था। 2:41 बजे ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट ने डी-ऑर्बिटल बर्न किया, जिसके बाद यह वायुमंडल में प्रवेश कर धरती की ओर बढ़ा। पूरे अभियान के दौरान नासा और स्पेसएक्स मौसम की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए थे।
भारत में जश्न, पीएम मोदी ने भेजा निमंत्रण
सुनीता विलियम्स की वापसी को लेकर भारत में भी जबरदस्त उत्साह रहा। सोशल मीडिया पर लोग उनकी सुरक्षित वापसी के लिए दुआ कर रहे थे। इसरो के पूर्व प्रमुख एस सोमनाथ ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुनीता विलियम्स की सुरक्षित वापसी को लेकर लगातार अपडेट ले रहे थे। उन्होंने सुनीता विलियम्स को पत्र लिखकर भारत आने का निमंत्रण भी दिया है।
यह मिशन नासा और स्पेसएक्स के लिए एक बड़ी सफलता है और इसने अंतरिक्ष अभियानों की नई संभावनाओं को मजबूत किया है।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar