Bhimtal: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार की जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार पहल के तहत जनपद नैनीताल के विकासखंड ओखलकांडा में बहुद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने आमजन की समस्याएं सुनीं और बड़ी संख्या में मामलों का मौके पर ही समाधान कराया।
शिविर के माध्यम से नागरिकों को केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ा गया। पेयजल, जल जीवन मिशन, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, कूड़ा निस्तारण, पशुपालन और वन्यजीवों से सुरक्षा से जुड़े मुद्दे प्रमुख रहे।
जिलाधिकारी ने पशुपालन को पर्वतीय क्षेत्रों की आजीविका का आधार बताते हुए पशु चिकित्सकों की तैनाती, रोस्टर व्यवस्था और मृत पशुओं के बीमा का शत-प्रतिशत लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आदमखोर तेंदुए की बढ़ती सक्रियता पर वन विभाग को गश्त बढ़ाने, सोलर लाइट लगाने और ग्रामीणों को घर-घर चारा उपलब्ध कराने के आदेश दिए गए।
जल जीवन मिशन के अंतर्गत अधूरे कार्यों और नलों में पानी न आने की शिकायतों पर पेयजल विभाग के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए 15 दिन के भीतर समाधान के निर्देश दिए गए। विद्यालयों में पेयजल, शौचालय, छत मरम्मत, खेल मैदान और शिक्षकों की तैनाती को प्राथमिकता देने के आदेश भी जारी किए गए। पीएमजीएसवाई सड़कों की खराब गुणवत्ता पर जांच, सामग्री की लैब जांच और दोषी पाए जाने पर एफआईआर दर्ज कराने तक की कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही पर सख्त रुख अपनाते हुए लंबे समय से अनुपस्थित एएनएम और कार्यालय सहायक के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए। टीकाकरण की नियमित मॉनिटरिंग, आधार कैंप लगाने, विद्युत पोल व तारों की मरम्मत और सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के आदेश भी दिए गए।
शिविर में कुल 475 लोगों को सीधा लाभ मिला। स्वास्थ्य विभाग ने 72 लोगों का उपचार कर निशुल्क दवाएं दीं, आयुर्वेदिक से 109 और होम्योपैथी से 49 लोगों को उपचार मिला। पशुपालन विभाग से 20, उद्यान से 25, कृषि से 32, सहकारिता से 15, ग्राम्य विकास विभाग से 106 बीपीएल प्रमाणपत्र, बाल विकास से 10 और श्रम विभाग से 22 लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिया गया।
कार्यक्रम में विधायक भीमताल राम सिंह कैड़ा, दायित्वधारी शांति मेहरा, ब्लॉक प्रमुख डी. रुबाली सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनता उपस्थित रही।

Chief Editor, Aaj Khabar
