Dehradun: उत्तराखंड में हवाई संपर्क को और सुदृढ़ करने की दिशा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को चार नई हेली सेवाओं का शुभारंभ किया। इन सेवाओं के जरिए देहरादून से नैनीताल, बागेश्वर और मसूरी तथा हल्द्वानी से बागेश्वर के बीच हवाई कनेक्टिविटी स्थापित हो गई है।
यात्रा होगी अधिक सुगम, पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘उड़ान’ योजना के तहत शुरू की गई ये सेवाएं राज्य के पर्यटन और आर्थिक विकास को नई गति देंगी। इससे स्थानीय निवासियों को भी लाभ मिलेगा और आवागमन सुगम होगा। उन्होंने बताया कि सड़क मार्ग से देहरादून से इन स्थानों तक पहुंचने में 8-10 घंटे लगते थे, लेकिन हेली सेवा के माध्यम से यह यात्रा अब महज एक घंटे में पूरी की जा सकेगी।
सीएम ने यात्रियों से की वर्चुअल बातचीत
हेली सेवा के शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से यात्रियों से बातचीत भी की। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक उमेश शर्मा काऊ, खजानदास, सविता कपूर, बृज भूषण गैरोला, मेयर देहरादून सौरभ थपलियाल समेत कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद थे।
सप्ताह में सातों दिन संचालित होंगी हेली सेवाएं
देहरादून-मसूरी हेली सेवा उत्तराखंड हवाई संपर्क योजना के तहत संचालित होगी, जबकि बाकी तीन हेली सेवाएं केंद्र सरकार की क्षेत्रीय संपर्क योजना के तहत चलाई जाएंगी। देहरादून-मसूरी मार्ग पर पांच-सीटर हेलीकॉप्टर, जबकि अन्य रूट्स पर सात-सीटर हेलीकॉप्टर सेवाएं मिलेंगी।
हेली सेवा का किराया और समय सारिणी
रूट | किराया (रुपये प्रति यात्री) | उड़ान समय |
---|---|---|
देहरादून – नैनीताल | 4500 | देहरादून: सुबह 8:15, दोपहर 2:25 नैनीताल: सुबह 9:10, दोपहर 3:20 |
देहरादून – बागेश्वर | 4000 | देहरादून: सुबह 10:20, दोपहर 12:30 बागेश्वर: सुबह 11:10, दोपहर 1:20 |
हल्द्वानी – बागेश्वर | 3500 | हल्द्वानी: सुबह 8:30, दोपहर 2:45 बागेश्वर: सुबह 9:00, दोपहर 3:00 |
देहरादून – मसूरी | 2578 | – |
राज्य में हवाई संपर्क को और सशक्त बनाने की योजना
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार घरेलू उड़ानों को बढ़ावा देने के साथ-साथ उत्तराखंड को वैश्विक पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करने के लिए अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के विस्तार पर भी काम कर रही है। इन हेली सेवाओं के शुरू होने से राज्य की कनेक्टिविटी में बड़ा सुधार होगा और दूरदराज के क्षेत्रों में आवागमन अधिक सुगम बनेगा।

Chief Editor, Aaj Khabar