Headlines

Haldwani: चोरगललिया रोड में चोरी की सामग्री और बाल श्रम पर प्रशासन का शिकंजा, कई प्रतिष्ठानों पर कार्यवाही

Haldwani: चोरगललिया रोड में चोरी की सामग्री और बाल श्रम पर प्रशासन का शिकंजा, कई प्रतिष्ठानों पर कार्यवाही
शेयर करे-

Haldwani: बनभूलपुरा क्षेत्र के चोरगललिया रोड पर चोरी की गई सामग्री की खरीद-फरोख्त और अतिक्रमण की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल चौहान के नेतृत्व में प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम ने सघन निरीक्षण और कार्यवाही की।

नगर आयुक्त रिचा सिंह, उपजिलाधिकारी राहुल शाह और एसएनए गणेश भट्ट की उपस्थिति में टीम ने दुकानों और गोदामों की जांच की। इस दौरान एक प्रतिष्ठान में नगर निगम की नालियों में प्रयुक्त चोरी की गई लोहे की ग्रिल बरामद की गई। कुल सात लोहे की जालियाँ जब्त की गईं, जिन्हें सार्वजनिक संपत्ति के अंतर्गत चिन्हित कर प्रतिष्ठान के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई जा रही है।

एक अन्य प्रतिष्ठान में पुराने और उपयोग में लाए गए टीएमटी सरियों से स्क्वायर बनाते हुए पाया गया। गोदाम से भारी मात्रा में पुराने सरिए बरामद हुए, जिनके खरीद-बिक्री के दस्तावेज स्वामी प्रस्तुत नहीं कर सका। चोरी की आशंका के आधार पर गोदाम सील कर दस्तावेज पेश करने का निर्देश दिया गया है।

निरीक्षण में यह भी सामने आया कि कुछ दुकानों में नशे के आदी लोग चोरी की धातु सामग्री बेचते हैं, जिससे नशाखोरी और अपराध का नेटवर्क फल-फूल रहा है।

इसी दौरान एक प्रतिष्ठान में दो नाबालिग लड़कों को मेटल वर्क में संलग्न पाया गया। दस्तावेजों की जांच के आदेश दिए गए हैं और लेबर इंस्पेक्टर को बाल श्रम अधिनियम के तहत मामला दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं।

सिटी मजिस्ट्रेट ने पुलिस को सभी मामलों की गहन जांच कर विधिक कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अतिक्रमण, चोरी की सामग्री का भंडारण और बाल श्रम जैसे गंभीर अपराधों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। क्षेत्र में सतत निगरानी और छापेमारी की जाएगी।

For latest news updates click here

For English news updates click here   

Pal ad

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *