Dehradun: यूनाइटेड मुए थाई एसोसियेशन इंडिया के तत्वावधान में 9 से 14 जून तक हरियाणा के महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय, रोहतक में आयोजित होने जा रही 6वीं राष्ट्रीय मुए थाई चैंपियनशिप-2025 में उत्तराखंड राज्य का 35 सदस्यीय दल सोमवार सुबह परेड ग्राउंड से रवाना हुआ।
उत्तराखंड मुए थाई एसोसियेशन के प्रदेश अध्यक्ष सतीश जोशी ने जानकारी दी कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में चयनित स्वर्ण पदक विजेता 28 खिलाड़ियों को इस राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए चुना गया है। दल में 28 खिलाड़ी, 3 कोच, 1 टीम मैनेजर एवं 3 रेफरी शामिल हैं।
सोमवार सुबह उत्तराखंड सरकार के राज्य मंत्री एवं श्रम संविदा बोर्ड के अध्यक्ष कैलाश पंत तथा क्रीड़ा भारती के प्रदेश अध्यक्ष अरुण कुमार सूद ने दल को शुभकामनाएं देकर रवाना किया। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ने कहा कि उत्तराखंड में मुए थाई खेल निरंतर प्रगति कर रहा है। राज्य के खिलाड़ी लंबे समय से राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन द्वारा पदक जीतने की अपील की।
उत्तराखंड के 35 सदस्यीय दल में पुरुष वर्ग के खिलाड़ी दीपांशु रौतेला, अंकुश भंडारी, यशपाल भट्ट, स्नेह चंद, आशीष प्रकाश, गोविंद सिंह, युवराज वर्मा, रोहित कुमार, अक्षांश थापा, विवेक पंवार, आर्यन चौधरी, आदर्श मिश्रा, युवराज राना, विन्स तोमर, देवांश थापा, निशेष डिम्डॉंग, अविरल कुमार एवं कृष पपने शामिल हैं।
महिला वर्ग में सपना जवाड़ी, वर्षा भंडारी, वर्णिका कठैत, दीपिका राणा, नंदनी चौहान, जानवी, सृष्टि, अंजलि रावत, पायल बिष्ट, संगीता थापा एवं कृतिका नेगी प्रतियोगिता में भाग लेंगी।
टीम के कोच के रूप में विशान क्षेत्री, महिला कोच के रूप में एशियन पदक विजेता प्रज्ञा जोशी तथा सहायक कोच के रूप में दुष्यंत जोशी साथ रहेंगे। टीम मैनेजर की भूमिका नीलेश जोशी निभाएंगे, जबकि दीपक नौटियाल एवं सलीम ख़ान रेफरी के रूप में शामिल होंगे।
उत्तराखंड राज्य खेल परिषद के उपाध्यक्ष एवं राज्य मंत्री हेमराज बिष्ट, उत्तराखंड ओलंपिक संघ के प्रदेश अध्यक्ष महेश नेगी, प्रभारी उपनिदेशक खेल रशिका सिद्दीकी, एसोसिएशन के चेयरमैन हरीश कोठारी एवं देहरादून के मेयर सौरभ थपलियाल ने भी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।
For latest news updates click here
For English news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar