Headlines

Haldwani: फिल्म डायरेक्टर कवल शर्मा को मुम्बई से हल्द्वानी पुलिस ने किया गिरफ्तार, 51 लाख रुपये के चेक बाउंस मामले में थी एक साल की सजा

Haldwani: फिल्म डायरेक्टर कवल शर्मा को मुम्बई से हल्द्वानी पुलिस ने किया गिरफ्तार, 51 लाख रुपये के चेक बाउंस मामले में थी एक साल की सजा
शेयर करे-

Haldwani: बॉलीवुड के प्रसिद्ध फिल्म डायरेक्टर कवल शर्मा को हल्द्वानी पुलिस ने मुम्बई से गिरफ्तार कर लिया है। कवल शर्मा पिछले तीन वर्षों से फरार चल रहे थे। उनके खिलाफ धारा 138 एनआई एक्ट के तहत न्यायालय द्वारा एक वर्ष का कारावास एवं ₹51,10,000/- जुर्माने की सजा सुनाई गई थी। हल्द्वानी पुलिस टीम ने उन्हें मुम्बई के अंधेरी स्थित सिटी मॉल परिसर से गिरफ्तार किया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नैनीताल, श्री प्रहलाद नारायण मीणा के निर्देश पर जिले में फरार वारंटियों की धरपकड़ हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एसपी सिटी हल्द्वानी श्री प्रकाश चंद्र के निर्देशन व क्षेत्राधिकारी श्री नितिन लोहनी के पर्यवेक्षण में कोतवाली हल्द्वानी प्रभारी निरीक्षक श्री राजेश यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।

पूरा मामला

कवल शर्मा, जो अब तक “जीते हैं शान से”, “हीरालाल पन्नालाल”, “नमक”, “जिम्मेदार”, “गुनाहों का देवता”, “उस्ताद”, “मर मिटेंगे” और “दिल्ली आई” जैसी 16 हिंदी फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं, वर्ष 2013 में हल्द्वानी के एक स्थानीय व्यापारी की सुपर मॉडल बेटी से मिले थे। उस दौरान उनकी फिल्म “दिल्ली आई” रिलीज़ होने वाली थी। फिल्म के खर्चों के लिए उन्होंने उक्त महिला से ₹35 लाख उधार लिए और मुनाफे के साथ ₹50 लाख लौटाने का वादा करते हुए चेक दिए। चेक बाउंस हो जाने पर महिला ने वर्ष 2015 में उनके खिलाफ धारा 138 एनआई एक्ट के तहत मामला दर्ज कराया।

17 जनवरी 2019 को अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट हल्द्वानी द्वारा कवल शर्मा को एक वर्ष के कारावास और ₹51,10,000/- के जुर्माने की सजा सुनाई गई थी। उन्होंने इस सजा के खिलाफ अपील की, जिसमें 19 फरवरी 2019 को उन्हें जमानत मिली। परंतु 9 मई 2022 को उनकी अपील खारिज कर दी गई। इसके बाद से वह फरार चल रहे थे।

कई बार सम्मन, वारंट और मुंबई के स्थानीय अखबारों में उद्घोषणा के बावजूद कवल शर्मा जानबूझकर न्यायालय में उपस्थित नहीं हुए। अंततः उनके खिलाफ धारा 229क/174क भादवि के तहत एफआईआर संख्या 37/2024 कोतवाली हल्द्वानी में दर्ज की गई और गैर-जमानती वारंट जारी हुआ।

गिरफ्तारी टीम 

  • उपनिरीक्षक देवेंद्र राणा (थाना-तल्लीताल)
  • उपनिरीक्षक गौरव जोशी (प्रभारी चौकी मंगलपड़ाव, कोतवाली हल्द्वानी)
  • कांस्टेबल संतोष कुमार (कोतवाली हल्द्वानी)
  • कांस्टेबल ललित रेखाड़ी (कोतवाली हल्द्वानी)

हल्द्वानी पुलिस ने दिनांक 7 जून 2025 को मुंबई के अंधेरी स्थित सिटी मॉल परिसर से कवल शर्मा को हिरासत में लेकर नियमानुसार न्यायालय में पेश किया।

पुलिस का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि जिले में फरार अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Haldwani

For latest news updates click here

For English news updates click here 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *