Haldwani: अम्बेडकर पार्क दमुवांढूगा में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के तहत आयोजित बहुउद्देश्यीय शिविर में सैकड़ों लोगों ने अपनी शिकायतें दर्ज कराईं, जिनमें से अधिकांश का निस्तारण मौके पर ही विभागीय अधिकारियों द्वारा कर दिया गया। शिविर में सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से बड़ी संख्या में लोगों को लाभान्वित किया गया।
शिविर में कुल 89 शिकायतें दर्ज हुईं। क्षेत्रीय नागरिकों ने नशे की बढ़ती समस्या, नालियों में कूड़ा डालने, एडीबी कार्यों के बाद सड़कों की मरम्मत न होने, विद्युत पोल शिफ्टिंग, राशन कार्ड, पेयजल आपूर्ति तथा भूमि विवाद जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए। नागरिकों ने विशेष रूप से युवाओं को नशे से बचाने के लिए क्षेत्र में सघन अभियान चलाने का अनुरोध किया।
शिविर में प्रतिभाग करते हुए विवेक राय ने आमजन से संवाद किया और विभागीय समन्वय से समस्याओं का समाधान कराया। उन्होंने नशे के विरुद्ध अभियान में जनसहयोग को अनिवार्य बताते हुए पुलिस और स्वयंसेवी संस्थाओं को नियमित चेकिंग तथा काउंसलिंग के निर्देश दिए।
नगर निगम के कूड़ा वाहन का समय तय न होने की शिकायत पर अपर जिलाधिकारी ने कूड़ा उठान का निश्चित समय तय करने और सीसीटीवी निगरानी के माध्यम से नालियों में कूड़ा डालने वालों पर चालानी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। भूमि सीमांकन की शिकायत पर तहसील प्रशासन को स्थलीय निरीक्षण कर चिन्हांकन कराने के निर्देश दिए गए। विद्युत पोल शिफ्टिंग और पेयजल आपूर्ति के समय निर्धारण पर संबंधित विभागों को नियमानुसार त्वरित कार्रवाई के आदेश दिए गए।
शिविर में 23 विभागों ने स्टॉल लगाकर सेवाएं प्रदान कीं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 37 लोगों की जांच व औषधि वितरण किया गया। वृद्धावस्था, दिव्यांग एवं विधवा पेंशन के 13 प्रकरणों में फॉर्म वितरित हुए। कृषि विभाग ने दवाइयां, बीज व कृषि यंत्र उपलब्ध कराए। विद्युत व जल संस्थान के बिल संशोधन, खाद्य विभाग द्वारा राशन कार्ड ऑनलाइन सेवाएं तथा नवविवाहितों का यूसीसी के तहत विवाह पंजीकरण भी किया गया।
शिविर में पारितोष वर्मा, विजय नाथ शुक्ल, राहुल साह, कुलदीप पाण्डे सहित विभागीय अधिकारी, क्षेत्रवासी एवं मातृशक्ति उपस्थित रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar
