Headlines

Bhimtal: 15 जून तक हर हाल में शुरू होगा कैंचीधाम बायपास, ₹1258.12 लाख की 5 योजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास

Bhimtal: 15 जून तक हर हाल में शुरू होगा कैंचीधाम बायपास, ₹1258.12 लाख की 5 योजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास
शेयर करे-

Bhimtal: जनपद नैनीताल में विकास कार्यों को गति देते हुए कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने विकास भवन में लोक निर्माण विभाग की चार योजनाओं का शिलान्यास और एक योजना का लोकार्पण किया। कुल ₹1258.12 लाख लागत की इन पांच योजनाओं से सड़क कनेक्टिविटी और आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलेगी।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि राज्य में पंचायतों को सशक्त करने के लिए 73वें संविधान संशोधन के अंतर्गत 11वीं अनुसूची के 29 विषयों के हस्तांतरण की प्रक्रिया जारी है। प्रदेशभर में नए पंचायत भवनों का निर्माण और पुराने भवनों का जीर्णोद्धार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अब तक 14,027 नए गांवों को सड़क मार्ग से जोड़ा गया है। दीनदयाल उपाध्याय गृह आवास (होम-स्टे) विकास योजना के तहत 5,000 से अधिक होम-स्टे पंजीकृत हो चुके हैं, जिनसे 1,118 लोग लाभान्वित हुए हैं।

विकास भवन सभागार में जनसंवाद और विभागवार समीक्षा के दौरान उन्होंने लोक निर्माण विभाग को स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा के लिए कैंचीधाम बायपास का निर्माण 15 जून तक हर हाल में पूरा किया जाए। 75 मीटर स्पान वाले पुल में विलंब की स्थिति में अस्थायी वैली ब्रिज की व्यवस्था कर निर्धारित तिथि तक यातायात शुरू करने के निर्देश दिए गए। बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण प्रस्ताव प्राथमिकता से शासन को भेजने, भारी वाहनों के अनुरूप सड़क निर्माण और हॉटमिक्स कार्य में गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

सिंचाई विभाग की समीक्षा में क्षतिग्रस्त गूलों और नहरों की प्राथमिकता से मरम्मत, भीमताल–नौकुचियाताल नहर से अतिक्रमण हटाने, ढुंगसील पहाड़ी पर भू-कटाव रोकने के लिए प्रस्ताव तैयार करने तथा झीलों-नदियों में जमा गाद हटाकर वैज्ञानिक ढंग से चैनलाइजेशन के लिए आधुनिक मशीनों की खरीद के निर्देश दिए गए।

पंचायतीराज विभाग को गांव से मुख्यालय तक कूड़ा निस्तारण की प्रभावी व्यवस्था, कॉम्पैक्टर के उपयोग और सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश मिले। पर्यटन विभाग को संचालित होम-स्टे में स्वच्छ शौचालय और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने, साथ ही कमरों की संख्या बढ़ाने की दिशा में कार्य करने को कहा गया।

बैठक में विधायक सरिता आर्य, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दर्मवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट ने क्षेत्रीय समस्याओं और सुझावों से अवगत कराया। मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डे, जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *