Haldwani: हल्द्वानी में एसडीएम राहुल शाह के तबादले के कई दिन बीत जाने के बावजूद अब तक नए एसडीएम की तैनाती नहीं हो सकी है। इसके चलते एसडीएम कार्यालय का न्यायिक कार्य पूरी तरह प्रभावित हो गया है और आम जनता को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
एसडीएम कोर्ट में लंबित मामलों की सुनवाई नहीं हो पा रही है। धारा 143 और 229-बी से जुड़े प्रकरणों के साथ-साथ विवाह पंजीकरण जैसे जरूरी कार्य भी ठप पड़े हुए हैं। न्यायिक कार्यों के ठहराव से फरियादियों को बार-बार कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
इन्हीं समस्याओं को लेकर नगर निगम के पार्षद रवि जोशी ने एसडीएम कोर्ट परिसर में प्रशासन के खिलाफ धरना दिया। धरने को समर्थन देने के लिए हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश भी मौके पर पहुंचे।
विधायक सुमित हृदयेश ने इस दौरान कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत और जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल से फोन पर बातचीत कर शीघ्र नए एसडीएम की तैनाती की मांग की। उन्होंने कहा कि एसडीएम की नियुक्ति शासन स्तर से होनी है, लेकिन इसमें हो रही देरी से आम जनता को न्यायिक सेवाओं से वंचित होना पड़ रहा है।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, जल्द ही हल्द्वानी में नए एसडीएम की तैनाती किए जाने की संभावना है। उम्मीद जताई जा रही है कि नियुक्ति होते ही न्यायिक और प्रशासनिक कार्यों में फिर से गति आएगी।

Chief Editor, Aaj Khabar
