Haldwani: पुराने सुभाष नगर पुलिस चेक पोस्ट के समीप बरेली रोड पर शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद सड़क पर आधा घंटे से अधिक समय तक लंबा जाम लगा रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नगला की ओर से आ रहे 18 टायर ट्रक के पीछे मधुसूदन दुग्ध वाहन अचानक सामने आए एक मोटरसाइकिल सवार को बचाने के दौरान ट्रक से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दुग्ध वाहन पूरी तरह चकनाचूर हो गया और उसमें सवार चालक, क्लीनर तथा एक अन्य युवक अंदर ही फंस गए।
स्थानीय लोगों और पुलिस कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर दो घायलों को बाहर निकाल कर 108 एंबुलेंस से सुशीला तिवारी चिकित्सालय भेजा। वहीं, वाहन में फंसा एक युवक करीब आधा घंटे तक बाहर नहीं निकाला जा सका और उसकी मौत हो गई।
घटना के चलते सड़क के दोनों ओर लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद खुलवाया। लालकुआं कोतवाली की महिला उप निरीक्षक अंजू यादव ने बताया कि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लेते हुए घायलों को अस्पताल भेजा और मृतक को बाहर निकालने के लिए कटर मंगवाकर कार्रवाई की जा रही है।

Chief Editor, Aaj Khabar
