Dehradun: राजधानी के जोगीवाला स्थित मॉल ऑफ देहरादून की छत पर स्वतंत्रता दिवस के दिन कुछ युवाओं द्वारा रैली कार और रेसर बाइक से खतरनाक स्टंट किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मौके से पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया, जबकि एक कार और एक बाइक को सीज़ कर दिया गया है।
एसएसपी देहरादून अजय सिंह ने बताया कि 15 अगस्त को थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस को सूचना मिली थी कि मॉल की छत पर युवक खतरनाक स्टंट कर रहे हैं। सूचना पर चौकी प्रभारी जोगीवाला पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच में पाया गया कि दो मोटरसाइकिल सवार तेज एक्सीलेटर देकर धुआं निकालते हुए जोरदार शोरगुल कर रहे थे, हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले दोनों फरार हो गए।
मॉल प्रबंधन से पूछताछ में खुलासा हुआ कि छत को केवल पार्किंग के लिए दिया गया था। इन ड्राइव मोटर नामक समूह का आमा कैफे में लंच कार्यक्रम था, लेकिन कुछ युवकों ने पार्किंग में बर्न आउट स्टंट शुरू कर दिए, जिससे ध्वनि प्रदूषण और जन असुविधा हुई।
पुलिस ने इस मामले में आयोजकों के 10 चालान और मॉल प्रबंधन के 5 चालान पुलिस एक्ट के तहत किए हैं। साथ ही, मॉल प्रबंधन को कड़ी चेतावनी दी गई है कि भविष्य में बिना अनुमति ऐसे आयोजन न किए जाएं।

Chief Editor, Aaj Khabar
