Nainital: जनपद नैनीताल की मेजबानी में तरणताल मानसखंड खेल परिसर, अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम गौलापार में 08 से 10 अक्टूबर 2025 तक 23वीं प्रादेशिक अन्तर्जनपदीय एवं वाहिनी पुलिस तैराकी एवं क्रॉस कंट्री प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्री दीपक रावत (आई.ए.एस), आयुक्त कुमाऊं मंडल, द्वारा किया गया।
इस अवसर पर एसएसपी नैनीताल ने सभी टीमों का हौसला बढ़ाया और मुख्य अतिथि को मोमेंटो व पुष्पगुच्छ भेंट किया। शुभारंभ के दौरान प्रतियोगी टीमों को शपथ दिलाई गई। आयुक्त ने पुलिस कर्मियों की मेहनत और फिटनेस की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि पुलिस की नौकरी में थकना मना है और हमेशा नई चुनौतियां आती रहती हैं।
प्रतियोगिता में कुल 13 टीमें भाग ले रही हैं, जिनमें नैनीताल, अल्मोड़ा, चंपावत, पिथौरागढ़, पौड़ी गढ़वाल, ऊधम सिंह नगर, 31वीं, 40वीं, 46वीं वाहिनी पीएससी, आईआरबी प्रथम, आईआरबी द्वितीय, एसडीआरएफ और जीआरपी शामिल हैं। प्रतियोगिता के प्रथम दिवस में 07 इवेंट आयोजित किए गए, जिनमें 1500 मीटर फ्रीस्टाइल, 200 मीटर बटरफ्लाई, 200 मीटर फ्रीस्टाइल, 200 मीटर ब्रेस्ट स्ट्राइक, 50 मीटर बैकस्ट्रोक, 4200 मीटर रिले रेस और 50 मीटर बैक स्ट्रोक फाइनल शामिल थे।
प्रतियोगिता का मंच संचालन श्री अमर चंद्र शर्मा, प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी और उपनिरीक्षक कुमकुम धानिक द्वारा किया गया। इस दौरान आईटीबीपी कमांडेंट, नगर और जिला पुलिस अधिकारी, क्रीड़ाधिकारी तथा प्रतियोगिता प्रबंधन समिति के सभी सदस्य उपस्थित रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar


