Nainital: नैनीताल जिला कारागार में बंद 32 वर्षीय कैदी विपिन गुप्ता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिससे जेल परिसर में हड़कंप मच गया। मूल रूप से हल्द्वानी राजपुरा निवासी विपिन गुप्ता एनडीपीएस मामले में इस साल जून से जेल में बंद था।
शनिवार रात करीब एक बजे विपिन ने अचानक छाती में तेज दर्द की शिकायत की। जेल के फार्मासिस्ट द्वारा जांच में उसका ब्लड प्रेशर बेहद कम और पल्स तेज पाई गई। चिकित्सक से परामर्श के बाद उसे दवाइयां दी गईं, लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ। हालत बिगड़ने पर देर रात ही उसे बीडी पांडे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर कोतवाली पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी ली। रविवार को तहसीलदार पूजा शर्मा की मौजूदगी में शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया।
जेल अधीक्षक संजीव ह्यांकी ने बताया कि मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में प्रक्रिया पूरी कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मृतक के बड़े भाई लखन गुप्ता ने कहा कि विपिन स्मैक का आदी था और इसी कारण वह जेल भी आया था।

Chief Editor, Aaj Khabar
