Ramnagar: कुमाऊं मंडल के नैनीताल जिले के रामनगर क्षेत्र में निकाह का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मानसिक आघात से गुजर रही युवती का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
कोतवाली रामनगर के प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार ने बताया कि 23 वर्षीय युवती को गांव के ही एक युवक ने प्रेम जाल में फंसाया। आरोपी ने निकाह का वादा कर उसका विश्वास जीता और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। समय बीतने के बावजूद आरोपी निकाह की बात टालता रहा।
पीड़िता की मां के अनुसार, आरोपी पिछले कुछ महीनों से उनकी बेटी के संपर्क में था। एक फरवरी को वह युवती को निकाह का झांसा देकर काशीपुर ले गया, जहां उसके साथ दुर्व्यवहार कर शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद आरोपी उसे रामनगर छोड़ गया और अगले दिन निकाह करने का आश्वासन दिया।
कुछ समय बाद युवती को जानकारी मिली कि आरोपी किसी अन्य स्थान पर निकाह की तैयारी कर रहा है। इस धोखे और मानसिक आघात से आहत युवती ने आत्मघाती कदम उठा लिया, जिससे उसकी तबीयत गंभीर हो गई। परिजनों ने उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया।
मामले में पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच की जा रही है और विवेचना के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Chief Editor, Aaj Khabar
