Headlines

Haridwar: कनखल के श्रीयंत्र पुलिया हत्याकांड का खुलासा, बहनों पर अभद्र टिप्पणी के बाद दोस्त की पत्थर से कुचलकर की हत्या

Haridwar: कनखल के श्रीयंत्र पुलिया हत्याकांड का खुलासा, बहनों पर अभद्र टिप्पणी के बाद दोस्त की पत्थर से कुचलकर की हत्या
शेयर करे-

Haridwar: थाना कनखल क्षेत्र में श्रीयंत्र पुलिया के पास झाड़ियों में मिले युवक के शव की गुत्थी को हरिद्वार पुलिस ने सुलझा लिया है। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल के निर्देशन में पुलिस ने ब्लाइंड मर्डर का खुलासा करते हुए मृतक के दोस्त को मथुरा से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने शराब के नशे में हुए विवाद के बाद पत्थर से कुचलकर अपने ही दोस्त की हत्या कर दी थी।

पत्रकार वार्ता में एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि 7 फरवरी को थाना कनखल पुलिस को सूचना मिली थी कि श्रीयंत्र पुलिया के पास झाड़ियों में एक अज्ञात युवक का लहूलुहान शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान कुनाल पुत्र रोहिताश, निवासी रामपुर रायघाटी थाना लक्सर, हाल निवासी लाटोवाली थाना कनखल के रूप में की। मृतक के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पांच पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें मृतक को शराब के ठेके से शराब खरीदकर एक स्कूटी सवार के साथ जाते हुए देखा गया। जांच में स्कूटी सवार की पहचान अरविंद उर्फ शिवम के रूप में हुई, जो वारदात के बाद फरार होकर मथुरा चला गया था।

पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को मथुरा से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 6 फरवरी की रात दोनों ने साथ बैठकर शराब पी थी। नशे की हालत में मृतक ने उसकी बहनों पर अभद्र टिप्पणी की और मारपीट शुरू कर दी। गुस्से में आकर आरोपी ने पास पड़े भारी पत्थर से सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मृतक का मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है। पत्रकार वार्ता में एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, सीओ सिटी शिशुपाल सिंह एवं कोतवाल कनखल भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *