Ramnagar: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार संचालित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत उत्कृष्ट पीएनजी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय रामनगर में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में बिजली, सड़क, पेयजल, पार्किंग, कूड़ा निस्तारण, अतिक्रमण एवं सिंचाई से संबंधित कुल 183 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकांश का जिलाधिकारी ने मौके पर ही समाधान कराया। जिला विकास प्राधिकरण के कार्यप्रणाली को लेकर आई शिकायतों पर डीएम ने सख्त हिदायत देते हुए भविष्य में लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। तहसील कार्यालय में प्राधिकरण को कमरा उपलब्ध कराने तथा पुराने मकानों की मरम्मत संबंधी केवल सूचना लेकर सूची अपडेट करने के निर्देश दिए गए।
अवैध नशे की शिकायतों पर डीएम ने पुलिस, आबकारी और एलआईयू के अधिकारियों के साथ बैठक कर सप्लाई चेन तोड़ने, बड़े सप्लायर और हैंडलरों पर कार्रवाई तथा गुंडा एक्ट के तहत सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए। प्राथमिक विद्यालय खताड़ी में शिक्षकों की कमी की शिकायत पर शिक्षकों की संख्या बढ़ाने के आदेश दिए गए। ट्राइबल क्षेत्र में सड़क निर्माण, सोलर प्लांट सब्सिडी, कोसी नदी में भू-कटाव रोकने, नहर अतिक्रमण हटाने और झूलते बिजली तारों की समस्या पर भी संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
नगर पालिका ने 21 जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र जारी किए, जबकि विभिन्न विभागों ने सैकड़ों लाभार्थियों को योजनाओं की जानकारी, उपचार, प्रमाण पत्र और सामग्री वितरित की। राजस्व विभाग ने 67 प्रमाण पत्र आवेदनों का शिविर में ही निस्तारण किया।
शिविर में विधायक दीवान सिंह बिष्ट, चेयरमैन हाजी मोहम्मद अकरम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


Chief Editor, Aaj Khabar
