Headlines

Ramnagar: रामनगर के पास दर्दनाक सड़क हादसा, अज्ञात कार की टक्कर से काशीपुर के दो युवकों की मौत, चालक फरार

Haldwani News
शेयर करे-

Ramnagar:  नैनीताल जिले के रामनगर क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम छोई के पास मंगलवार को हुए भीषण सड़क हादसे में काशीपुर निवासी दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम खरमासा कुंडेश्वरी, काशीपुर निवासी 19 वर्षीय रोशन प्रीत और 19 वर्षीय जातियों दीप स्कूल वैन चलाने का काम करते थे। मंगलवार को दोनों युवक मोटरसाइकिल से हल्द्वानी वाहन के पार्ट्स लेने जा रहे थे। जैसे ही वे छोई क्षेत्र के पास पहुंचे, तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक अनियंत्रित होकर आगे चल रहे एक टेंपो से जा टकराई। इस हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं टेंपो चालक मोहम्मद असलम, निवासी गूलरघट्टी रामनगर भी घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से रामनगर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दोनों युवकों को मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू करते हुए शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही घटना की जानकारी मृतकों के परिजनों को दे दी गई है।

अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने बताया कि फरार कार चालक की तलाश जारी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। हादसे के कारणों की भी गहन जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *