Dehradun: पहलगाम में आतंकियों द्वारा सेना की वर्दी पहनकर किए गए हमले के बाद देहरादून पुलिस सतर्क हो गई है। सुरक्षा कारणों के चलते जिले में अब सेना या पुलिस की वर्दी बेचने पर रोक लगा दी गई है। पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाकर संबंधित दुकानदारों को सख्त हिदायत दी है कि वे बिना वैध पहचान पत्र के किसी को भी वर्दी न बेचें।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय सिंह ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में वर्दी और सुरक्षा एजेंसियों से संबंधित सामान बेचने वाली दुकानों को चिन्हित करें और उनकी सूची तैयार करें। इन दुकानदारों को स्पष्ट तौर पर निर्देश दिया गया है कि बिना वैध आईडी के किसी को भी आर्मी या अर्धसैनिक बलों की वर्दी या अन्य संबंधित सामान न बेचें।
इसके अलावा, हिंदू रक्षा दल के प्रदेश अध्यक्ष ललित शर्मा द्वारा कश्मीरी छात्रों पर दिए गए विवादित बयान के बाद पुलिस पूरी तरह अलर्ट हो गई है। बुधवार को दिए गए इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। बृहस्पतिवार सुबह से दोपहर तक हिंदू रक्षा दल के नेताओं को उनके घरों पर नजरबंद रखा गया और पुलिस ने उनके घरों के बाहर सुरक्षा तैनात कर दी।
एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि ललित शर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और कश्मीरी छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि कोई भी व्यक्ति शांति भंग करने की कोशिश करेगा, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
