Headlines

Dehradun: देहरादून तिब्बती मार्केट में दिनदहाड़े गोलीकांड, कारोबारी अर्जुन शर्मा की हत्या से दहली राजधानी

Dehradun: देहरादून तिब्बती मार्केट में दिनदहाड़े गोलीकांड, कारोबारी अर्जुन शर्मा की हत्या से दहली राजधानी
शेयर करे-

Dehradun: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में कानून व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। बुधवार को व्यस्त तिब्बती मार्केट में दिनदहाड़े 40 वर्षीय अर्जुन शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घायल अवस्था में अर्जुन को तत्काल एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार यह वारदात डालनवाला कोतवाली क्षेत्र स्थित तिब्बती मार्केट में हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गोली चलने की आवाज सुनते ही लोग घटनास्थल की ओर दौड़े, जहां एक व्यक्ति खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

बताया जा रहा है कि अर्जुन शर्मा जीएमएस रोड स्थित ‘फर्म अमर दीप’ के नाम से भारत गैस एजेंसी के संचालक थे। उनका घर आईटीबीपी क्षेत्र में है। वे रोजाना की तरह तिब्बती मार्केट के सामने परेड ग्राउंड में टेनिस खेलने आए थे और खेलकर घर लौट रहे थे, तभी दो युवकों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी और फरार हो गए।

एसएसपी देहरादून अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पूरे शहर में नाकेबंदी कर दी गई है। सभी चेकपोस्ट पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

प्राथमिक जांच में इस हत्याकांड के पीछे करोड़ों रुपये की प्रॉपर्टी विवाद की आशंका जताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार पारिवारिक संपत्ति को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

गौरतलब है कि पिछले 14 दिनों में देहरादून जिले में यह चौथा हत्याकांड है।

  • 29 जनवरी: विकासनगर में 18 वर्षीय छात्रा की हत्या
  • 31 जनवरी: ऋषिकेश में महिला की गोली मारकर हत्या
  • 02 फरवरी: देहरादून के मच्छी बाजार में युवती की गला रेतकर हत्या
  • 11 फरवरी: तिब्बती मार्केट में 40 वर्षीय अर्जुन शर्मा की गोली मारकर हत्या

लगातार हो रही इन घटनाओं ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिन्ह खड़े कर दिए हैं। पुलिस प्रशासन पर अब जल्द खुलासा कर आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचाने का दबाव बढ़ गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *