Headlines

Dehradun: देहरादून के विकासनगर क्षेत्र में दर्दनाक हादसा, खाई में यूटिलिटी वाहन गिरने से तीन महिलाओं की मौत

Dehradun: देहरादून के विकासनगर क्षेत्र में दर्दनाक हादसा, खाई में यूटिलिटी वाहन गिरने से तीन महिलाओं की मौत
शेयर करे-

Dehradun: प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को देहरादून जिले के विकासनगर क्षेत्र अंतर्गत कालसी तहसील के बैराटखाई–गागंरोऊ मोटर मार्ग पर सवारियों से भरा एक यूटिलिटी वाहन गहरी खाई में जा गिरा। इस भीषण दुर्घटना में तीन महिलाओं की मौत हो गई, जबकि पांच यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार यूटिलिटी वाहन संख्या यूके-07-टीबी-2455 गागंरोऊ गांव से सवारियों को लेकर विकासनगर की ओर जा रहा था। वाहन में चालक सहित करीब आठ लोग सवार बताए जा रहे हैं। जैसे ही वाहन वायाधार के समीप पहुंचा, चालक अचानक नियंत्रण खो बैठा और वाहन सीधे गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना भयावह था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।

दुर्घटना में गागंरोऊ गांव निवासी 65 वर्षीय लूसो देवी पत्नी नंदूदास की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और प्रशासन को अवगत कराया। ग्रामीणों और प्रशासन की टीम ने मिलकर कठिन परिस्थितियों में रेस्क्यू अभियान चलाया और घायलों को खाई से बाहर निकाला।

गंभीर रूप से घायल यात्रियों को तत्काल विकासनगर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान दो और महिलाओं ने दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान गीता देवी (35 वर्ष) पत्नी प्रकाश खन्ना, निवासी खुशियो तथा धनो देवी (53 वर्ष) पत्नी संतू दास, निवासी ग्राम चिट्टाड के रूप में हुई है। दोनों को हायर सेंटर रेफर किया गया था, लेकिन रास्ते में उनकी हालत बिगड़ गई।

नायब तहसीलदार कालसी रविंद्र असवाल ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतका लूसो देवी का पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई मौके पर ही कराई गई। अन्य दोनों महिलाओं की मौत अस्पताल ले जाते समय हुई है। प्रशासन द्वारा पूरे मामले की रिपोर्ट तैयार कर ली गई है।

हादसे के बाद गागंरोऊ और आसपास के गांवों में शोक की लहर है। एक ही क्षेत्र की तीन महिलाओं की असमय मौत से ग्रामीणों में गहरा दुख है। वहीं पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुट गई है। प्रारंभिक तौर पर सड़क की स्थिति और वाहन का नियंत्रण खोना हादसे का कारण माना जा रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *