Headlines

Dehradun: बैरागीवाला हत्याकांड के बाद भड़का जनाक्रोश, आगजनी-पत्थरबाजी के बीच आरोपियों के घरों पर चला बुलडोजर

Dehradun: बैरागीवाला हत्याकांड के बाद भड़का जनाक्रोश, आगजनी-पत्थरबाजी के बीच आरोपियों के घरों पर चला बुलडोजर
शेयर करे-

Dehradun: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के सहसपुर थाना क्षेत्र स्थित बैरागीवाला में खेत की सिंचाई को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। शनिवार 13 जून को दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प में विनोद नामक युवक की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया और रविवार सुबह हालात और बिगड़ गए, जब आक्रोशित लोगों ने आरोपियों के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए आगजनी और पत्थरबाजी की।

जानकारी के अनुसार, सिंचाई के पानी को लेकर हुए विवाद में एक पक्ष के करीब दर्जनभर लोगों ने दूसरे पक्ष पर हमला कर दिया। इस दौरान युवक विनोद पर धारदार हथियार से हमला किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजन और ग्रामीण देर रात तक थाने में डटे रहे तथा आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते रहे। स्थानीय विधायक मुन्ना सिंह चौहान भी पीड़ित परिवार के समर्थन में मौके पर मौजूद रहे।

रविवार सुबह युवक की हत्या से नाराज लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतर आए और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान एक आरोपी के घर में आग लगा दी गई, जबकि कुछ अन्य घरों के बाहर भी आगजनी की घटनाएं सामने आईं। हालात उस समय और तनावपूर्ण हो गए जब क्षेत्र में पत्थरबाजी शुरू हो गई। पत्थरबाजी में कुछ लोगों के घायल होने की भी सूचना है।

देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि मामले में तीन नामजद आरोपियों सहित 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। नामजद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।

वहीं, जिलाधिकारी आशीष चौहान ने बताया कि घटना के बाद प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। सांप्रदायिक तनाव की आशंका को देखते हुए क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई है। मृतक के परिजनों के संपर्क में प्रशासन लगातार बना हुआ है और उन्हें आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया है। सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि अफवाहों को फैलने से रोका जा सके।

इधर, प्रशासन ने तीनों आरोपियों के घरों पर अवैध अतिक्रमण का आरोप लगाते हुए बुलडोजर कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई के तहत घरों की बाउंड्रीवाल तोड़ी गई है। प्रशासन का दावा है कि फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है, हालांकि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *