Dehradun: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को क्षेत्रीय संपर्क योजना (उड़ान योजना) के तहत हल्द्वानी-अल्मोड़ा-हल्द्वानी एवं पिथौरागढ़-मुनस्यारी-पिथौरागढ़ हवाई सेवाओं का वर्चुअल शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन सेवाओं से आम नागरिकों और पर्यटकों को बड़ी राहत मिलेगी।
उन्होंने बताया कि हेली सेवा शुरू होने से हल्द्वानी से अल्मोड़ा तक की 3-4 घंटे की दूरी अब मिनटों में पूरी होगी। वहीं पिथौरागढ़ से मुनस्यारी की 5-6 घंटे की यात्रा भी बेहद कम समय में संभव हो जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन सेवाओं से पर्यटन और आर्थिक विकास को गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई उड़ान योजना ने उत्तराखंड के हवाई संपर्क को सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभाई है। राज्य में अब तक 12 हेलीपोर्ट्स से सेवाएं शुरू हो चुकी हैं और 18 हेलीपोर्ट्स के विकास पर काम जारी है। वर्तमान में गौचर, जोशियाड़ा, हल्द्वानी, मुनस्यारी, मसूरी, पिथौरागढ़, पंतनगर, चंपावत, बागेश्वर, नैनीताल और अल्मोड़ा जैसे क्षेत्रों को हेली सेवाओं से जोड़ा जा चुका है।
कार्यक्रम में सचिव युकाडा सचिन कुर्वे, मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष चौहान, आयुक्त कुमाऊं व सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत, जिलाधिकारी वंदना सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
गौरतलब है कि नई हेली सेवाएं सप्ताह में सातों दिन दो बार संचालित होंगी। किराया ₹2500 निर्धारित किया गया है, जिसे यात्री airheritage.in पर ऑनलाइन बुक कर सकते हैं।

Chief Editor, Aaj Khabar
