Dehradun: उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की स्नातक स्तरीय परीक्षा पेपर लीक मामले में सीबीआई ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। 21 सितंबर को आयोजित परीक्षा के दौरान हरिद्वार के एक सेंटर से पेपर लीक होने का खुलासा हुआ था। देर रात सीबीआई ने खालिद, सुमन, साबिया और हीना के खिलाफ नकल विरोधी कानून के तहत देहरादून एसीबी शाखा में केस दर्ज किया है। मामले की जांच असिस्टेंट सुप्रिटेंडेंट राजीव चंदोला को सौंपी गई है।
इससे पहले, पेपर लीक प्रकरण सामने आने के बाद युवाओं ने परीक्षा की शुचिता पर सवाल उठाते हुए परेड ग्राउंड में धरना शुरू किया था। कई दौर की वार्ता के बावजूद जब कोई समाधान नहीं निकला, तो मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 29 सितंबर को खुद धरनास्थल पहुंचे और सीबीआई जांच की संस्तुति की घोषणा की। इसके बाद शासन ने जांच की औपचारिक स्वीकृति जारी कर दी। मुख्यमंत्री द्वारा परीक्षा रद्द करने की घोषणा के बाद अब डीओपीटी ने भी सीबीआई जांच को मंजूरी दे दी है।

Chief Editor, Aaj Khabar
