Nainital: राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू की प्रस्तावित नैनीताल यात्रा की तैयारियों को लेकर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) ने राजभवन नैनीताल में विभागीय अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने राष्ट्रपति के भ्रमण को दिव्यता और भव्यता से संपन्न कराने हेतु सभी तैयारियां गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए।
राज्यपाल ने कहा कि राष्ट्रपति की यात्रा प्रदेश के लिए गर्व का अवसर है, इसलिए सभी अधिकारी समन्वय एवं जिम्मेदारी के साथ अपने कार्यों को अंतिम रूप दें। बताया गया कि राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मू नैनीताल राजभवन के 125 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित समारोहों में प्रतिभाग करेंगी, साथ ही कुमाऊँ विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी और कैंचीधाम में बाबा नींब करौरी महाराज के दर्शन करेंगी।
बैठक में सचिव राज्यपाल रविनाथ रामन, आयुक्त कुमाऊँ एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, कुलपति प्रो. दीवान सिंह रावत, पुलिस अधिकारी एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar

