Dehradun: उत्तराखण्ड शासन ने डॉ. आशुतोष सयाना को राजकीय मेडिकल कॉलेज, श्रीनगर का नियमित प्राचार्य नियुक्त कर दिया है। इस संबंध में चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार की ओर से आदेश जारी किए गए।
डॉ. सयाना इससे पहले प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा विभाग में निदेशक (2015 से अब तक) और दून मेडिकल कॉलेज, देहरादून में प्राचार्य (2019 से 2024) के पद पर कार्य कर चुके हैं। जनरल सर्जरी, ट्रॉमा केयर और मिनिमल एक्सेस सर्जरी में विशेषज्ञ माने जाने वाले डॉ. सयाना ने चिकित्सा शिक्षा और व्यावसायिक विकास को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
श्रीनगर मेडिकल कॉलेज का प्रभार अब तक अतिरिक्त जिम्मेदारी के रूप में संभाल रहे डॉ. सयाना को शासन द्वारा नियमित नियुक्ति दिए जाने से संस्थान को एक अनुभवी और दूरदर्शी नेतृत्व मिला है। उनके नेतृत्व में शैक्षणिक और प्रशासनिक कार्य और अधिक सुचारू रूप से संचालित होने की उम्मीद जताई जा रही है।
डॉ. सयाना ने 1994 में एमबीबीएस जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज, कानपुर से तथा 1999 में एमएस (जनरल सर्जरी) केजीएमसी, लखनऊ से पूरा किया। इसके बाद उन्होंने राजकीय मेडिकल कॉलेज, हल्द्वानी में सहायक प्रोफेसर से प्रोफेसर तक की जिम्मेदारियां निभाईं। एच.एन.बी. उत्तराखण्ड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय, देहरादून में उन्होंने रजिस्ट्रार और परीक्षा नियंत्रक के रूप में भी सेवाएं दीं। दिल्ली के कई प्रमुख अस्पतालों में कार्य करने के साथ ही उनके शोध पत्र राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलनों में प्रस्तुत हो चुके हैं।
नियमित प्राचार्य नियुक्त किए जाने पर डॉ. सयाना ने मुख्यमंत्री, चिकित्सा शिक्षा मंत्री और शासन के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि गढ़वाल क्षेत्र के मेडिकल कॉलेज को देश के श्रेष्ठ संस्थानों की श्रेणी में लाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे और जनता को बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना उनकी पहली प्राथमिकता होगी।

Chief Editor, Aaj Khabar
