Headlines

Dehradun: उत्तराखंड में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की घोषणा, 12 जिलों में आचार संहिता लागू

Dehradun: उत्तराखंड में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की घोषणा, 12 जिलों में आचार संहिता लागू
शेयर करे-

Dehradun: उत्तराखंड राज्य निर्वाचन आयोग ने त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन-2025 की अधिसूचना जारी कर दी है, जिसके साथ ही प्रदेश के 12 जिलों में आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है। हरिद्वार को छोड़कर शेष जिलों में ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायत के चुनाव दो चरणों में कराए जाएंगे।

पहले चरण का मतदान 10 जुलाई और दूसरे चरण का मतदान 15 जुलाई को होगा, जबकि मतगणना 19 जुलाई को की जाएगी। नामांकन प्रक्रिया 25 जून से आरंभ होगी। राज्य निर्वाचन आयुक्त ने शनिवार को प्रेसवार्ता कर चुनाव की संपूर्ण रूपरेखा प्रस्तुत की।

इस बार पंचायत चुनावों में कुल 66,418 पदों पर निर्वाचन कराया जाएगा, जिनमें ग्राम पंचायत सदस्यों के 55,587, ग्राम प्रधानों के 7,499, क्षेत्र पंचायत सदस्यों के 2,974 और जिला पंचायत सदस्यों के 358 पद शामिल हैं। इसके लिए राज्यभर में 8,276 मतदान केंद्र और 10,529 मतदान स्थल स्थापित किए गए हैं।

वर्ष 2025 में राज्य के मतदाताओं की संख्या बढ़कर 47.77 लाख हो गई है, जो कि 2019 की तुलना में 10.57 प्रतिशत अधिक है। चुनाव ड्यूटी में लगभग 95,909 अधिकारी और कर्मचारी तैनात किए जाएंगे, जबकि 5,620 वाहनों की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा की दृष्टि से 35,700 सुरक्षा कर्मियों की तैनाती प्रस्तावित है।

राज्य निर्वाचन आयोग ने पहली बार डिजिटल पंचायत मतदाता सूची अपनी वेबसाइट www.sec.uk.gov.in पर जारी की है, जहां मतदाता अपना नाम देख और खोज सकते हैं। उम्मीदवारों के शपथ-पत्र भी संबंधित जिलों की वेबसाइटों पर अपलोड किए जाएंगे ताकि जनता उनकी पृष्ठभूमि जान सके।

चुनाव में पारदर्शिता सुनिश्चित करने हेतु आयोग द्वारा व्यय सीमा में भी संशोधन किया गया है। ग्राम प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्यों के लिए व्यय सीमा ₹75,000 तथा जिला पंचायत सदस्यों के लिए ₹2 लाख निर्धारित की गई है।

मतदाताओं की सुविधा और शिकायत निवारण के लिए टोल-फ्री नंबर 18001804280 और ईमेल secelectionuk@gmail.com जारी किया गया है। संपूर्ण मतदान प्रक्रिया रेंडमाइजेशन सॉफ़्टवेयर के माध्यम से संचालित की जाएगी। साथ ही प्रत्येक जिले में जब्ती दल, व्यय निरीक्षक, मीडिया निगरानी और प्रवर्तन टीमें तैनात रहेंगी। दिव्यांग मतदाताओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जाएंगी।

इस बार का पंचायत चुनाव पारदर्शिता, तकनीकी सक्षमता और विस्तृत निगरानी व्यवस्था के लिहाज से अब तक का सबसे व्यापक और सशक्त चुनाव माना जा रहा है।

Dehradun Dehradun: उत्तराखंड में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की घोषणा, 12 जिलों में आचार संहिता लागू

For latest news updates click here

For English news updates click here

Pal ad

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *