Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Bengaluru: बेंगलुरु में दिल दहला देने वाला हत्याकांड, कैब ड्राइवर ने पत्नी समेत एक ही परिवार के सात लोगों को उतारा मौत के घाट

Bengaluru: बेंगलुरु में दिल दहला देने वाला हत्याकांड, कैब ड्राइवर ने पत्नी समेत एक ही परिवार के सात लोगों को उतारा मौत के घाट
शेयर करे-

Bengaluru: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में सामूहिक हत्याकांड की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां एक कैब ड्राइवर पर अपनी पत्नी, सास और उसके परिवार के पांच अन्य सदस्यों समेत सात लोगों की बेरहमी से हत्या करने का आरोप है। आरोपी ने कथित तौर पर सिल-बट्टे से सिर पर वार कर सभी की जान ले ली। पुलिस ने आरोपी इंदुशेखर को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान श्रीरामपुरा निवासी रूपावती (सास), सुनीता (पत्नी), शिवकुमार, शंकर, दिव्या, नलिनी और पुनीत के रूप में हुई है। आरोपी ने कथित तौर पर सभी हत्याओं को अंजाम देने के बाद शवों को अलग-अलग स्थानों पर ठिकाने लगा दिया।

जांच में सामने आया है कि इंदुशेखर और सुनीता की शादी करीब दो दशक पहले हुई थी। दोनों राजाजीनगर में भाश्याम सर्कल के पास रहते थे। शुरुआती जांच के अनुसार, पिछले कुछ समय से घरेलू विवादों को लेकर उनके बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे।

पुलिस के मुताबिक, सुनीता अपनी मां और भाइयों के काफी करीब थी, लेकिन उसका अपने मायके के लोगों से मिलना-जुलना आरोपी को पसंद नहीं था। उसने पत्नी के मायके जाने पर भी पाबंदियां लगा रखी थीं। परिवार के बुजुर्गों ने कई बार विवाद सुलझाने की कोशिश की, लेकिन तनाव कम नहीं हुआ। आरोप है कि इसी नाराजगी में इंदुशेखर ने अपनी पत्नी के परिवार को अपनी परेशानियों का जिम्मेदार मानते हुए उनकी हत्या की साजिश रच डाली।

पुलिस जांच के अनुसार, आरोपी ने सबसे पहले अपनी पत्नी सुनीता के सिर पर सिल-बट्टे से वार कर उसकी हत्या की। इसके बाद शव को कार में ले जाकर नंदी हिल्स में फेंक दिया। पत्नी के लापता होने पर किसी को शक न हो, इसके लिए उसने पड़ोसियों को बताया कि सुनीता अपनी सहेलियों के साथ घूमने गई है। उसने उसका मोबाइल फोन भी बंद कर दिया।

इसके बाद आरोपी ने सुनीता के भाइयों शिवकुमार और शंकर को अपने घर बुलाया। आरोप है कि तीनों ने साथ बैठकर शराब पी और फिर इंदुशेखर ने सिल-बट्टे से हमला कर दोनों भाइयों की हत्या कर दी। इसके बाद उसने कथित तौर पर शंकर की पत्नी नलिनी, शिवकुमार की पत्नी दिव्या, अपनी सास रूपावती और शंकर के बेटे पुनीत को भी मौत के घाट उतार दिया।

पुलिस के अनुसार, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने घर में लगे खून के धब्बों को साफ किया। इतना ही नहीं, उसने सिल-बट्टे को सैनिटाइज करने के लिए केमिकल का भी इस्तेमाल किया। शवों को एक ही स्थान पर रखने के बजाय अलग-अलग जगहों पर ले जाकर फेंका गया।

इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ, जब नलिनी की मां ने उसके लापता होने की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर जांच शुरू हुई तो पुलिस को परिवार के अन्य सदस्यों के भी गायब होने की जानकारी मिली। इसके बाद जांच की कड़ियां जोड़ते हुए पुलिस आरोपी इंदुशेखर तक पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी से पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने नंदी हिल्स समेत कई स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया। कई घंटों की खोजबीन के बाद पुनीत का शव बरामद कर लिया गया है। वहीं, बाकी छह शवों की तलाश के लिए विशेष पुलिस टीमें लगाई गई हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, वारदात वाली जगह, शवों को ठिकाने लगाने के लिए इस्तेमाल किए गए रास्तों और सबूत मिटाने की कोशिशों की विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस ने वारदात से जुड़ी कार समेत अन्य सामान भी जब्त कर लिया है।

For latest news updates click here

News Update

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *