Dehradun: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राजीव गांधी नवोदय विद्यालय, तपोवन में ‘‘सांसद खेल महोत्सव’’ का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से आरंभ हुआ यह आयोजन देशभर में खेल प्रतिभाओं को गाँव से राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाने का बड़ा अभियान है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘‘फिट इंडिया–स्पोर्ट्स इंडिया–स्ट्रॉन्ग इंडिया’’ के संकल्प के साथ राज्य में तीन चरणों में आयोजित हो रहा यह महोत्सव स्थानीय, पारंपरिक और लोक खेलों को नई पहचान दे रहा है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में निरंतर अग्रसर है। 38वें राष्ट्रीय खेलों में 103 पदक जीतकर राज्य के खिलाड़ियों ने इतिहास रचा। राज्य में ‘‘स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान’’ के तहत आठ शहरों में 23 खेल अकादमियां स्थापित होंगी, जहां हर वर्ष 900 से अधिक एथलीट प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि हल्द्वानी में राज्य का पहला खेल विश्वविद्यालय और लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज शीघ्र खुलने जा रहा है। नई खेल नीति, मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना, और खेल विकास निधि जैसी पहल से युवाओं को बेहतर अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ‘‘उत्तराखण्ड खेल रत्न’’ और ‘‘हिमालय खेल रत्न’’ पुरस्कारों के माध्यम से खिलाड़ियों के गौरव को सम्मानित कर रही है।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने विद्यालय में वॉलीबॉल और बैडमिंटन कोर्ट निर्माण तथा मेस फर्नीचर की व्यवस्था के लिए अपनी सांसद निधि से धनराशि देने की घोषणा की। कार्यक्रम में विधायक उमेश शर्मा काऊ, खजानदास, मेयर सौरभ थपलियाल समेत कई गणमान्य मौजूद रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar

