Haldwani: नैनीताल में हुई एक हालिया आपराधिक घटना की प्रतिक्रिया अब हल्द्वानी तक पहुँच गई है। शुक्रवार को भाजपा नेता विपिन पाण्डे को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के बाद हल्द्वानी का माहौल तनावपूर्ण हो गया। उनकी गिरफ्तारी की सूचना फैलते ही हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ता हल्द्वानी कोतवाली पहुँच गए और जोरदार नारेबाज़ी करते हुए उनकी रिहाई की मांग करने लगे।
सूत्रों के अनुसार, भाजपा नेता विपिन पाण्डे के आह्वान पर कठघरिया चौराहे पर बड़ी संख्या में हिंदूवादी कार्यकर्ता एकत्र हुए। जब उन्होंने रैली निकालने का प्रयास किया, तो पुलिस ने उन्हें मौके पर ही रोक दिया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी बहस भी देखने को मिली।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन सतर्क हो गया है। मौके पर सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. बाजपेयी, एसपी सिटी प्रकाश चंद्र, सीओ सिटी नितिन लोहनी, मुखानी थाना प्रभारी विजय मेहता सहित भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। फिलहाल शहर में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है, जबकि पुलिस शांति व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास में जुटी हुई है।
इसी बीच कुछ हिंदूवादी संगठनों ने आज शाम को महापंचायत बुलाने की घोषणा की है, जिससे माहौल और संवेदनशील हो सकता है।
नैनीताल न जाने देने से नाराज़ हैं संगठन
नैनीताल में हाल ही में सामने आई दुष्कर्म की घटना को लेकर हिंदूवादी संगठनों में आक्रोश व्याप्त है। गुरुवार को कई संगठनों ने नैनीताल जाने की कोशिश की थी, लेकिन प्रशासन ने उन्हें रोक दिया, जिससे कई स्थानों पर पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच टकराव हुआ। इसी पृष्ठभूमि में आज हल्द्वानी में रैली निकालने के प्रयास पर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया और कार्रवाई की।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
