Haldwani: 38वें राष्ट्रीय खेलों के अंतर्गत मंगलवार को हल्द्वानी स्थित गौलापार अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन हुआ। पोलो वाटर स्पर्धा में सर्विसेज ने रोमांचक मुकाबले में महाराष्ट्र को 10-9 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
तैराकी प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग में कर्नाटक ने पहला स्थान हासिल किया। तमिलनाडु को दूसरा और महाराष्ट्र को तीसरा स्थान मिला। वहीं महिला वर्ग में कर्नाटक ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि महाराष्ट्र को रजत और ओडिशा को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।
कर्नाटक की धीनिधि ने तैराकी की 11 प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर 9 स्वर्ण, 1 रजत और 1 कांस्य पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। इनमें से 6 स्वर्ण पदक व्यक्तिगत स्पर्धाओं में और 5 स्वर्ण रिले स्पर्धाओं में हासिल हुए।
कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने प्रतियोगिताओं का आनंद लेते हुए विजेताओं को स्वर्ण, रजत और कांस्य पदकों से सम्मानित किया। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर का बताया। इस अवसर पर विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने भी विजेताओं को पदक प्रदान किए।
आयोजन के दौरान एशियन फेंसिंग एसोसिएशन के महासचिव राजीव मेहता सहित विभिन्न राज्यों के खेल प्रशिक्षक और खिलाड़ी मौजूद रहे। सभी प्रतिभागियों ने उत्तराखंड में बिताए पलों को यादगार बताते हुए आयोजन की सराहना की।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar

