॰भीड़ ने चालक की जमकर की पिटाई
॰पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर वाहन किया सीज
Haldwani: शहर में रविवार रात एक शराब के नशे में धुत कार चालक ने मुखानी से जेल रोड तक सड़क पर जमकर आतंक मचाया। तेज रफ्तार कार ने अलग-अलग स्थानों पर चार लोगों को टक्कर मार दी, जिनमें एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला का उपचार डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने चालक को पकड़कर उसकी जमकर पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर दुर्घटनाग्रस्त कार सीज कर दी।
पुलिस के अनुसार, रविवार रात करीब नौ बजे मुखानी निवासी पंकज शराब के नशे में ऊंचापुल की ओर से कालाढूंगी रोड होते हुए शहर की तरफ कार चला रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मुखानी चौराहे से कालाढूंगी चौराहे के बीच चालक ने तेज रफ्तार में कार दौड़ाते हुए सड़क किनारे पैदल जा रहे तीन राहगीरों को टक्कर मार दी, जिससे तीनों घायल हो गए।
इसके बाद आरोपी जेल रोड तिराहे से आगे कालू सिद्ध बाबा मंदिर की ओर पहुंचा, जहां सड़क किनारे जा रही एक महिला को कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला उछलकर दूर जा गिरी और गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल उसे डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
महिला को टक्कर मारने के कुछ ही क्षण बाद चालक कार से नियंत्रण खो बैठा और वाहन बिजली के खंभे से जा टकराया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने चालक को कार से बाहर निकालकर उसकी जमकर पिटाई कर दी। इसी दौरान मौजूद एक पत्रकार ने पुलिस को सूचना देकर किसी तरह चालक को भीड़ के चंगुल से बचाने का प्रयास किया।
सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी विजय मेहता पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी को सुरक्षित हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंचाया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर सीज कर दिया।
कोतवाली प्रभारी विजय मेहता ने बताया कि चालक के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई है। आरोपी की पहचान मुखानी निवासी पंकज के रूप में हुई है। पुलिस मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Chief Editor, Aaj Khabar
