Haldwani: हल्द्वानी के चर्चित नितिन लोहनी हत्याकांड में पुलिस ने अहम प्रगति करते हुए सीसीटीवी फुटेज, बैलिस्टिक रिपोर्ट और चश्मदीद गवाहों के आधार पर विस्तृत चार्जशीट तैयार कर अभियोजन पक्ष को सौंप दी है। मामले में पार्षद अमित सिंह बिष्ट और उसके बेटे जय बिष्ट को मुख्य आरोपी बनाया गया है, जो इस समय जेल में बंद हैं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों के वॉयस सैंपल भी लिए गए हैं, जिन्हें सीसीटीवी फुटेज में रिकॉर्ड हुई आवाज से मिलान के लिए चंडीगढ़ स्थित केंद्रीय फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला भेजा गया है। हालांकि पुलिस का दावा है कि उसके पास पहले से ही पर्याप्त साक्ष्य मौजूद हैं, जिससे आरोपियों को सजा दिलाई जा सके।
घटना चार जनवरी की रात की है, जब जज फार्म निवासी 24 वर्षीय नितिन लोहनी अपने दोस्त कमल भंडारी के साथ गौलापार लौट रहा था। इसी दौरान वे पार्षद अमित बिष्ट के घर पहुंचे, जहां डोरबेल बजाने पर बालकनी से अमित बिष्ट ने कथित तौर पर बंदूक से फायरिंग कर दी। फायरिंग में नितिन को 50 से अधिक छर्रे लगे, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी कमल भंडारी जान बचाकर भाग निकला।
पुलिस द्वारा तैयार चार्जशीट में कई अहम साक्ष्यों का उल्लेख किया गया है। इनमें नितिन के शरीर से मिले 60 से अधिक छर्रे और घर की खिड़कियों पर मिले छर्रों की बैलिस्टिक रिपोर्ट, दो नाली बंदूक से फायरिंग की पुष्टि, आरोपी के घर से बरामद डीवीआर में कैद घटना का फुटेज, एक वीडियो में जय बिष्ट का पिस्टल लेकर घायल नितिन के पीछे दौड़ना, चश्मदीद गवाह कमल भंडारी की गवाही और आत्मरक्षा की कहानी को झूठा साबित करने वाले साक्ष्य शामिल हैं।
घटना के बाद शहर में भारी आक्रोश देखने को मिला था। राजनीतिक दबाव के आरोपों के बीच भाजपा ने भी अमित सिंह बिष्ट को पार्टी से बाहर कर दिया था। अब पीड़ित परिवार न्याय की उम्मीद में है।
नितिन के पिता कैलाश चंद्र लोहनी ने मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने की मांग की है, ताकि जल्द से जल्द आरोपियों को सख्त सजा मिल सके। जजफार्म की पार्षद रेखा बिनवाल ने भी इस मांग का समर्थन किया है।
एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल के अनुसार, पुलिस ने इस मामले में ठोस विवेचना की है और आरोपियों को सजा दिलाने के लिए पर्याप्त साक्ष्य जुटाए हैं। वॉयस सैंपल की रिपोर्ट को सप्लीमेंट्री बताया गया है और चार्जशीट को शीघ्र ही कोर्ट में दाखिल किया जाएगा।

Chief Editor, Aaj Khabar
