Haldwani: काठगोदाम स्थित इंस्पिरेशन सीनियर सेकेंडरी स्कूल का वार्षिकोत्सव ‘स्पेक्ट्रम 2026’ शनिवार, 24 अक्टूबर को हर्षोल्लास और भव्यता के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों, मनमोहक नृत्य, संगीत और नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए सामाजिक एकता, विश्व शांति, देशभक्ति और नैतिक मूल्यों का संदेश दिया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. शिवेंद्र कुमार कश्यप तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में इंस्पिरेशन स्कूल के पूर्व प्रधानाचार्य एचके जोशी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों, विद्यालय के प्रबंधक दीपक बल्यूटिया, चेयरपर्सन डॉ. गीतिका बल्यूटिया, संजय बल्यूटिया, गायत्री बल्यूटिया, प्रबंध समिति की सदस्य आयुषी बल्यूटिया, तक्ष बल्यूटिया और प्रधानाचार्य अनुराग माथुर ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान नगर के विभिन्न प्रतिष्ठित विद्यालयों के प्रबंधक एवं पीएसए सदस्य भी मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि डॉ. शिवेंद्र कुमार कश्यप ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर जोर देते हुए कहा कि अभिभावकों को बच्चों के व्यक्तित्व के समग्र और समावेशी विकास का महत्व समझना चाहिए। बच्चों को अपनी क्षमताएं पहचानने, नए अवसर तलाशने और प्रतिभा को निखारने के लिए पर्याप्त अवसर मिलने चाहिए। उन्होंने कहा कि केवल शैक्षणिक उपलब्धियां ही किसी विद्यार्थी का भविष्य निर्धारित नहीं करतीं, बल्कि रचनात्मकता, आत्मविश्वास और नैतिक मूल्य भी जीवन में सफलता के महत्वपूर्ण आधार हैं।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत गणेश वंदना और सरस्वती वंदना से हुई। इसके बाद विद्यार्थियों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। नर्सरी से पांचवीं कक्षा तक के बच्चों ने ‘रॉबिन हुड’ थीम पर आधारित विभिन्न आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किए। इनमें ‘ट्राई एवरीथिंग’, ‘हैप्पी’, ‘प्रिंस अली’, ‘शो योरसेल्फ’, ‘स्पाइडर मैन’ और ‘मुफासा द लॉयन किंग’ जैसी प्रस्तुतियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों ने विश्व शांति, सद्भावना और सामाजिक एकता का संदेश दिया।
कक्षा छह से आठवीं तक के विद्यार्थियों ने महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के संघर्षपूर्ण जीवन और उनकी उपलब्धियों को मंच पर जीवंत किया। एक सैनिक से विश्वविख्यात ‘हॉकी के जादूगर’ बनने तक की उनकी प्रेरणादायक यात्रा को नृत्य, लघु नाटिका, आर्मी डांस, हॉकी डांस, योग और स्पोर्ट्स मिक्स डांस के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। विद्यार्थियों की इस प्रस्तुति ने दर्शकों को खेल भावना, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का संदेश दिया।
इसी क्रम में कक्षा छह से बारहवीं तक के विद्यार्थियों ने ‘द म्यूजियम’ थीम के अंतर्गत विभिन्न देशों की सांस्कृतिक विरासत को मंच पर प्रस्तुत किया। इंटरनेशनल डांस, चाइनीज नृत्य और इजिप्शियन डांस के माध्यम से विश्व की विविध संस्कृतियों की सुंदर झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम के दौरान ब्रिटिश शासनकाल में स्वतंत्रता सेनानियों पर किए गए अत्याचारों को भी प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। कालापानी की सजा और जेलों में स्वतंत्रता सेनानियों के साथ हुई बर्बरता को नाट्य एवं नृत्य प्रस्तुतियों के माध्यम से मंच पर जीवंत किया गया। इस भावपूर्ण प्रस्तुति ने दर्शकों को स्वतंत्रता संग्राम के संघर्ष और बलिदान की याद दिलाई।
समारोह में विद्यालय के जूनियर और सीनियर म्यूजिक बैंड की प्रस्तुतियों ने भी खूब वाहवाही बटोरी। विभिन्न गीतों और संगीत की मनमोहक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में विशेष उत्साह भर दिया। दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
मुख्य अतिथि डॉ. शिवेंद्र कुमार कश्यप ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों की प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ उनमें सामाजिक जिम्मेदारी, सांस्कृतिक चेतना और नैतिक मूल्यों का विकास करते हैं। उन्होंने कार्यक्रम के माध्यम से दिए गए सकारात्मक संदेशों की प्रशंसा की।
इस अवसर पर शैक्षणिक सत्र 2025-26 में कक्षा दसवीं और बारहवीं में सर्वोच्च स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को विशिष्ट अतिथि द्वारा सम्मानित किया गया। प्रधानाचार्य अनुराग माथुर ने विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की उपलब्धियों की जानकारी दी।
विद्यालय की चेयरपर्सन डॉ. गीतिका बल्यूटिया ने समारोह के सफल आयोजन पर सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और रचनात्मक प्रतिभा को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम का संचालन कक्षा बारहवीं के हसन सुहेल और जितेंद्र सिंह गड़िया, कक्षा ग्यारहवीं के आरुष लोहनी, तमन्ना भट्ट और समृद्धि शर्मा, कक्षा दसवीं के मिहिर प्रताप सिंह बिष्ट और सुहाना जोशी, कक्षा नौवीं की अदिति भट्ट, गुरनूर कौर, मेहुल जोशी और शुभांगिनी जोशी सहित अन्य कक्षाओं के विद्यार्थियों ने किया। इनमें उदय सिंह मेर, प्रियांशी, ईशा रावत, पलाक्षा तिवारी, अरुणम साह, अद्विका जोशी और अवनी जोशी शामिल रहे।
वार्षिकोत्सव ‘स्पेक्ट्रम 2026’ के सफल आयोजन में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं और कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। समारोह का समापन विद्यार्थियों की प्रतिभा, सांस्कृतिक विविधता और सामाजिक संदेशों की सराहना के साथ हुआ।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
