Nainital: बॉलीवुड अभिनेत्री जाह्नवी कपूर और रिया चक्रवर्ती इन दिनों अपनी आगामी थ्रिलर-रोमांटिक फिल्म ‘पीएन 36’ की शूटिंग के लिए नैनीताल में हैं। रविवार को नवरात्रि के पहले दिन जाह्नवी कपूर व्रत रखकर मां नैना देवी के दर्शन करने पहुंचीं। वह होटल से करीब 150 मीटर पैदल चलकर मंदिर पहुंचीं, जहां उन्होंने मां की आरती की और विधिवत पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान मंदिर समिति की ओर से उन्हें मां की चुनरी भेंट की गई।
नैनीताल में फिल्म की शूटिंग के बीच जाह्नवी कपूर और रिया चक्रवर्ती बारिश और बादलों के बीच एक रोमांटिक गाने की शूटिंग करती नजर आईं। फिल्म के कई दृश्य नैनीताल के स्विस होटल में फिल्माए गए हैं। शनिवार को भी दोनों अभिनेत्रियों ने यहां शूटिंग की थी। इसके अलावा होटल नमः में भी फिल्म के कुछ सीन फिल्माए गए हैं, हालांकि यह शूटिंग नैनीताल से बाहर हुई है।
शूटिंग के सिलसिले में दोनों अभिनेत्रियां फिलहाल नैनीताल में ही ठहरी हुई हैं। काम से ब्रेक मिलने पर उनके आसपास के पर्यटन स्थलों पर घूमने की संभावना जताई जा रही है। दोनों के प्रसिद्ध कैंची धाम जाने की भी चर्चा है, लेकिन अभी तक उनके वहां दर्शन करने का कार्यक्रम तय नहीं हुआ है।
जाह्नवी कपूर शूटिंग के व्यस्त शेड्यूल के बीच अपनी फिटनेस का भी पूरा ध्यान रख रही हैं। वह रविवार सुबह करीब सात बजे मल्लीताल में रोपवे मार्ग स्थित बुल्स जिम में वर्कआउट करने पहुंचीं। फिल्म ‘पीएन 36’ में दक्षिण भारतीय अभिनेत्री श्रीलीला और अभिनेता सिद्धार्थ गुप्ता भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन उमेश बिष्ट कर रहे हैं।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
