Nainital: महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर नैनीताल जनपद के भीमताल स्थित छोटा कैलाश मंदिर में आस्था का अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ पड़ा। रविवार को एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने चार किलोमीटर की खड़ी चढ़ाई पार कर भगवान शिव के जयकारों के साथ मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं जलाभिषेक किया। पूरे क्षेत्र में “हर-हर महादेव” के उद्घोष गूंजते रहे।
श्रद्धालु शनिवार रात्रि से ही मंदिर परिसर में पहुंचने लगे थे। पूरी रात भजन-कीर्तन और शिव आराधना का क्रम जारी रहा। रविवार प्रातः चार बजे से मंदिर के कपाट दर्शनार्थियों के लिए खोले गए, जिसके बाद जलाभिषेक और पूजा का सिलसिला निरंतर चलता रहा। मंदिर के पुजारियों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विशेष पूजन संपन्न कराया गया।
ज्येष्ठ प्रमुख उमेश पलड़िया एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य अनिल चनौतिया ने बताया कि देर रात से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। हालांकि स्थानीय लोगों के अनुसार इस वर्ष पिछले वर्ष की तुलना में भीड़ कुछ कम रही, बावजूद इसके आयोजन अत्यंत भव्य और सुव्यवस्थित रहा।
इधर भीमताल के डांठ क्षेत्र स्थित भीमेश्वर महादेव मंदिर में भी सुबह चार बजे से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखी गईं। यहां दस हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। मंदिर के पुजारी मदन गिरी ने बताया कि सुबह से ही भक्तों का निरंतर आगमन जारी रहा।
भवाली, मुक्तेश्वर, पहाड़पानी, बेतालघाट, गरमपानी एवं पतलोट क्षेत्रों में भी महाशिवरात्रि के अवसर पर विशेष धार्मिक आयोजन, भंडारे और रात्रि जागरण कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
इस अवसर पर आयुक्त कुमाऊं मंडल एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने भी छोटा कैलाश पहुंचकर भगवान शिव का विधिवत जलाभिषेक किया। उन्होंने कुमाऊं मंडल और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।

आयुक्त ने कहा कि भगवान शिव आस्था, तप, त्याग और लोककल्याण के प्रतीक हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से सामाजिक समरसता को मजबूत करने तथा जनसेवा में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम पूरे दिन श्रद्धापूर्ण और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं विभिन्न क्षेत्रों से आए श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar
