Haldwani: कुमाऊं की सामाजिक सरोकारों से जुड़ी पहल ‘थाल सेवा’ ने 30 लाख थाली भोजन वितरण का ऐतिहासिक आंकड़ा पार कर लिया। इस अवसर पर कुमाऊं आईजी रिद्धिम अग्रवाल ने स्वयं उपस्थित होकर जरूरतमंदों को भोजन परोसा और सेवा कार्य की सराहना की।
आईजी अग्रवाल ने कहा कि बिना किसी स्वार्थ के मात्र 5 रुपये में पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना वर्तमान समय में अत्यंत कठिन कार्य है। उन्होंने कहा कि जनसहयोग और समर्पण की भावना से संचालित यह सेवा समाज के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है।
‘थाल सेवा’ का संचालन लिटिल मिरेकल फाउंडेशन द्वारा अक्टूबर 2018 से निरंतर किया जा रहा है। यह सेवा हल्द्वानी स्थित डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय अस्पताल के समीप संचालित है, जहां दूरदराज पहाड़ी क्षेत्रों से उपचार के लिए आने वाले मरीजों और तीमारदारों को केवल 5 रुपये में भोजन उपलब्ध कराया जाता है।
संस्था के सदस्यों राजीव वाही, राजीव बग्गा एवं रक्षित वर्मा ने आईजी का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें पौधा भेंट किया तथा वस्त्र सेवा, उपचार सेवा सहित अन्य सामाजिक गतिविधियों की जानकारी दी। प्रवीण मित्तल ने भोजन निर्माण व्यवस्था और संजय बग्गा ने वितरण प्रणाली की जानकारी साझा की।
संस्थापक अध्यक्ष दिनेश मानसेरा ने बताया कि समाज के लोग जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ एवं अन्य स्मरणीय अवसरों पर ‘थाल सेवक’ बनकर इस अभियान से जुड़ते हैं और आर्थिक सहयोग प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम में रीना मानसेरा, कनिका वासुदेवा, स्वाति कपूर, पूजा बग्गा, उमंग वासुदेवा, अतुल वर्मा, प्रो. के.के. पांडे, सरयू प्रसाद, दिनेश आर्य, महेंद्र जड़ोत, नीरज जोशी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
30 लाख भोजन वितरण का यह माइलस्टोन हल्द्वानी में सामाजिक सहयोग और सेवा भावना की मजबूत मिसाल के रूप में देखा जा रहा है।

Chief Editor, Aaj Khabar
