Dehradun News: भा.ज.पा. ने आगामी निकाय चुनावों के लिए प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया तेज कर दी है। मंगलवार को प्रदेश पार्टी कार्यालय में कुमाऊं मंडल, रुद्रप्रयाग और चमोली जिले की 57 निकायों के मेयर और अध्यक्ष पद के दावेदारों के नामों पर मंथन हुआ।
बैठक में, पर्यवेक्षकों द्वारा तैयार किए गए नामों पर चर्चा के बाद तीन-तीन नामों का पैनल तैयार किया गया, जिनमें कुल 171 नामों को चयनित किया गया। इन नामों को प्रदेश चुनाव समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। समिति नगर पालिका, नगर पंचायतों के अध्यक्ष और वार्ड सदस्यों के नामों पर विचार करेगी, जबकि नगर निगमों के मेयर पद के लिए तैयार किए गए पैनल केंद्रीय चुनाव समिति को भेजे जाएंगे।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की उपस्थिति में हुई बैठक में कुमाऊं के आठ सांगठनिक जिलों, रुद्रप्रयाग और चमोली के निकायों के दावेदारों पर सिलसिलेवार चर्चा की गई। विशेष रूप से हल्द्वानी नगर निगम के मेयर पद के लिए आरक्षण में बदलाव के बाद, इस पद के लिए जोगेंद्र रौतेला, गजराज बिष्ट, प्रमोद तोलिया, प्रकाश हरबोला और कौस्तुभानंद जोशी के नामों पर विचार किया गया।
प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने बताया कि बैठक में प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार ने जिलावार पर्यवेक्षकों, जिला अध्यक्षों, जिला प्रभारी और विधायकों से विमर्श किया। इसमें निकाय क्षेत्रों में की गई रायशुमारी से सामने आए नामों पर सामाजिक स्थिति, सक्रियता और लोकप्रियता के आधार पर विचार किया गया।
बैठक के दौरान महापौर, पालिकाध्यक्ष और नगर पंचायत अध्यक्ष के शीर्ष तीन नामों का पैनल तैयार कर लिया गया। साथ ही, चुनाव संचालन समिति का गठन किया गया है, जिसमें प्रत्याशियों की सहमति से दो और सदस्य जोड़े जाएंगे। इसके बाद, नामों की घोषणा के साथ चुनाव प्रचार की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। बुधवार को गढ़वाल मंडल के शेष जिलों के पर्यवेक्षकों से मिलकर वहां के निकायों के लिए पैनल तैयार किया जाएगा।
For Latest News Updates Click Here

Chief Editor, Aaj Khabar

