Headlines

Uttarakhand: उत्तरकाशी में बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन सफल, कालिंदी खाल के 19 और माउंट जोगिन में फंसे 8 ट्रेकर्स सुरक्षित रेस्क्यू

Uttarakhand: उत्तरकाशी में बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन सफल, कालिंदी खाल के 19 और माउंट जोगिन में फंसे 8 ट्रेकर्स सुरक्षित रेस्क्यू
शेयर करे-

Uttarakhand: उत्तरकाशी में हाई एल्टीट्यूड रेस्क्यू अभियान को मंगलवार को बड़ी सफलता मिली। भारी बर्फबारी और खराब मौसम के बीच रेस्क्यू टीमों ने कालिंदी खाल क्षेत्र में फंसे सभी 19 ट्रेकर्स को सुरक्षित निकालकर हर्षिल हेलीपैड पहुंचा दिया। वहीं माउंट जोगिन-1 क्षेत्र से भी सभी 8 ट्रेकर्स और सपोर्टिंग स्टाफ को हेलीकॉप्टर के जरिए सुरक्षित हर्षिल पहुंचाया गया।

उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पिछले दिनों हुई भारी बर्फबारी के कारण कई ट्रेकर्स और उनके साथ मौजूद हेल्पर अलग-अलग इलाकों में फंस गए थे। इसके बाद जिला प्रशासन ने एसडीआरएफ समेत विभिन्न रेस्क्यू एजेंसियों की मदद से बचाव अभियान शुरू किया। मौसम की लगातार बदलती परिस्थितियों और कठिन भौगोलिक स्थिति के बावजूद टीमों ने चरणबद्ध तरीके से रेस्क्यू ऑपरेशन आगे बढ़ाया।

मंगलवार सुबह से ही बचाव अभियान में तेजी लाई गई। इस दौरान चार लोगों को सुरक्षित निकालकर हर्षिल हेलीपैड पहुंचाया गया। इनके रेस्क्यू के साथ ही कालिंदी खाल क्षेत्र में फंसे सभी 19 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया।

रेस्क्यू अभियान शुरू करने से पहले हर्षिल हेलीपैड पर अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्रा की मौजूदगी में संबंधित अधिकारियों, बचाव दल के कार्मिकों और हेलीकॉप्टर पायलट के साथ विस्तृत समन्वय किया गया। मौसम, बर्फ की स्थिति, भौगोलिक परिस्थितियों और सुरक्षित निकासी के विकल्पों पर चर्चा के बाद अभियान की रणनीति तैयार की गई।

अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्रा ने बताया कि उच्च हिमालयी क्षेत्र में मौसम तेजी से बदल रहा है। ऐसे में सुरक्षित मार्ग का चयन सबसे महत्वपूर्ण है। इसी को ध्यान में रखते हुए रेस्क्यू टीमों को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है।

माउंट जोगिन क्षेत्र में भी रेस्क्यू अभियान के साथ रेकी शुरू की गई। एसडीआरएफ के दो जवानों को क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति का जायजा लेने और सुरक्षित मार्ग तलाशने के लिए रवाना किया गया। टीम बर्फ की स्थिति, संभावित रास्तों और रेस्क्यू के लिए उपयुक्त मार्ग का आकलन कर रही है। रेकी से मिलने वाली जानकारी के आधार पर आगे की रणनीति तय की जाएगी।

इससे पहले सोमवार को ऑडेन कोल पास से 29 ट्रेकर्स को सुरक्षित हर्षिल पहुंचाया गया था। रेस्क्यू के बाद सभी का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिसमें उनकी स्थिति सामान्य पाई गई। प्राथमिक उपचार के बाद सभी ट्रेकर्स अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए थे।

प्रशासन के अनुसार, उच्च हिमालयी क्षेत्रों में भारी बर्फबारी के कारण रेस्क्यू अभियान में लगातार चुनौतियां बनी हुई हैं। इसके बावजूद एसडीआरएफ और अन्य संबंधित एजेंसियों की टीमें लगातार बचाव कार्य में जुटी हैं और फंसे लोगों को सुरक्षित निकालना प्राथमिकता बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *