Dehradun: दून विश्वविद्यालय में छात्र परिषद चुनाव से ठीक एक दिन पहले मेस में खाने को लेकर विवाद बढ़ गया। सोमवार रात मेस में परोसे गए भोजन में कीड़ा मिलने के बाद छात्र-छात्राओं का आक्रोश और बढ़ गया। छात्राओं ने मेस की व्यवस्था और भोजन की गुणवत्ता को लेकर जमकर विरोध किया।
मामला बढ़ने के बाद बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं कुलपति आवास के बाहर पहुंच गए और नारेबाजी शुरू कर दी। देर रात तक छात्र-छात्राएं अपनी शिकायतों और मांगों को लेकर कुलपति आवास के बाहर डटे रहे। इससे विश्वविद्यालय प्रशासन में भी हड़कंप की स्थिति बन गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। वहीं, विश्वविद्यालय के चीफ प्रॉक्टर को भी मौके पर बुलाया गया। छात्रों ने आरोप लगाया कि मेस में भोजन की गुणवत्ता को लेकर पहले भी लगातार शिकायतें सामने आती रही हैं, लेकिन व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं किया गया।
छात्रों ने भोजन की गुणवत्ता की जांच कराने और मेस व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से छात्र-छात्राओं से बातचीत कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया गया, लेकिन देर रात तक विरोध जारी रहा।
छात्र परिषद चुनाव से ठीक एक दिन पहले हुए इस हंगामे ने विश्वविद्यालय परिसर की स्थिति को गरमा दिया है। मामले में प्रशासन की ओर से छात्रों की शिकायतों पर क्या कार्रवाई की जाती है, इस पर अब नजर बनी हुई है।

Chief Editor, Aaj Khabar
