Headlines

Haldwani: एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी समेत 119 राजकीय महाविद्यालयों में आज छात्रसंघ चुनाव, सुबह से मतदान को लेकर छात्र-छात्राओं में उत्साह

Haldwani: एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी समेत 119 राजकीय महाविद्यालयों में आज छात्रसंघ चुनाव, सुबह से मतदान को लेकर छात्र-छात्राओं में उत्साह
शेयर करे-

Haldwani: उत्तराखंड के राजकीय और अशासकीय महाविद्यालयों में आज छात्रसंघ चुनाव के लिए मतदान होगा। कुमाऊं क्षेत्र के सबसे बड़े डिग्री कॉलेज एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी समेत प्रदेश के 119 राजकीय महाविद्यालय, 14 सहायता प्राप्त अशासकीय महाविद्यालय और तीन विश्वविद्यालय परिसरों में छात्र-छात्राएं अपने प्रतिनिधियों का चुनाव करेंगे।

एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी में इस बार अध्यक्ष पद का मुकाबला रोमांचक माना जा रहा है। यहां एबीवीपी से टिकट नहीं मिलने के बाद आर्यन बेलवाल निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर मैदान में हैं। उनके सामने एबीवीपी के धीरज बिष्ट और एनएसयूआई के मेहुल शाह चुनावी मैदान में हैं। अध्यक्ष पद को लेकर तीनों प्रत्याशियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है।

मतदान सुबह से शुरू होगा, जबकि दोपहर बाद मतगणना की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। अधिकांश महाविद्यालयों में परिणाम शाम तक घोषित किए जाने की संभावना है। हालांकि, अधिक छात्र मतदाताओं वाले देहरादून के डीएवी पीजी कॉलेज और हल्द्वानी के एमबीपीजी कॉलेज में मतगणना में अधिक समय लगने के कारण परिणाम देर शाम तक सामने आने की संभावना है।

श्रीदेव सुमन उत्तराखंड राज्य विश्वविद्यालय, सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय और कुमाऊं विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में 80 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं मतदान के लिए पंजीकृत हैं। वहीं, 14 सहायता प्राप्त अशासकीय महाविद्यालयों में 25 हजार से अधिक छात्र मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

इस बार छात्रसंघ चुनाव में छात्राओं के लिए 50 प्रतिशत सीटें आरक्षित की गई हैं। आरक्षण लागू होने के बाद छात्राओं में भी चुनाव को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

प्रभारी निदेशक उच्च शिक्षा एएस उनियाल ने बताया कि छात्रसंघ चुनाव को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं और चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने बताया कि अधिकतर स्थानों पर देर शाम तक चुनाव परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।

वहीं छात्रसंघ चुनाव को लेकर नैनीताल समेत प्रदेश के सभी जिलों में पुलिस हाई अलर्ट पर है। शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित मतदान सुनिश्चित करने के लिए मतदान केंद्रों और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस द्वारा समय-समय पर गश्त भी की जा रही है, ताकि चुनाव के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।

अब सभी की नजरें एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी समेत प्रदेशभर के कॉलेजों के चुनाव परिणामों पर टिकी हैं। मतदान के बाद देर शाम तक साफ हो जाएगा कि छात्र राजनीति में किस प्रत्याशी के सिर जीत का ताज सजेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *